अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर WCL ने बनाया नया इतिहास, 152 स्थानों पर 30 हजार से अधिक लोगों ने किया सामूहिक योग

---Advertisement---

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर WCL ने बनाया नया इतिहास, 152 स्थानों पर 30 हजार से अधिक लोगों ने किया सामूहिक योग

पद्मश्री डॉ. उमा शंकर पांडेय ‘जल प्रहरी’ हुए शामिल, स्वस्थ जीवन और योग को दैनिक दिनचर्या में अपनाने का दिया संदेश

नागपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) ने योग के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए अपने समस्त कार्यक्षेत्र के 152 विभिन्न स्थानों पर एक साथ विशाल सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया। इस ऐतिहासिक आयोजन में 30 हजार से अधिक अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन शामिल हुए और योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

“स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” थीम पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाकर इसे एक जन आंदोलन का स्वरूप देना तथा शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। यह अभियान प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय कोयला मंत्रालय के मार्गदर्शन और प्रेरणा के अनुरूप आयोजित किया गया।

मुख्य कार्यक्रम WCL मुख्यालय के इंदोरा परेड ग्राउंड नागपुर में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। WCL के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में निदेशक मंडल, मुख्य सतर्कता अधिकारी, संचालन समिति के सदस्य, अधिकारी-कर्मचारी, उनके परिवारजन और बड़ी संख्या में योग साधकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण पद्मश्री सम्मानित जल संरक्षण विशेषज्ञ डॉ. उमा शंकर पांडेय रहे, जिन्होंने WCL परिवार के साथ योगाभ्यास करते हुए योग को स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवन का आधार बताया। उन्होंने सफल आयोजन की सराहना करते हुए WCL अध्यक्ष डॉ. हेमंत शरद पांडे एवं झंकार महिला मंडल की अध्यक्षा रीना पांडे का शाल ओढ़ाकर सम्मान किया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, वंदे मातरम् और कोल इंडिया के कॉर्पोरेट गीत के साथ हुई। मुख्य योग प्रशिक्षक सचिन माथुरकर एवं उनकी टीम के निर्देशन में सभी प्रतिभागियों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। शांति पाठ एवं सामूहिक ध्यान के साथ योग सत्र का समापन किया गया।

योगाभ्यास के पश्चात के.पी. प्रजीथा एवं महाप्रबंधक (आईईडी) अक्षय घोष द्वारा विशेष योग प्रस्तुतियां दी गईं। वहीं रीना पांडे के नेतृत्व में WCL मुख्यालय योग समूह ने शानदार योग प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया।

इस अवसर पर आयोजित विभिन्न योग प्रतियोगिताओं के विजेताओं, योग प्रशिक्षकों एवं योग समूह के सदस्यों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में डॉ. हेमंत शरद पांडे ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर और मन को स्वस्थ बनाता है बल्कि कार्यक्षमता बढ़ाकर तनावमुक्त जीवन जीने की राह भी प्रशस्त करता है।

कार्यक्रम में झंकार महिला मंडल की पदाधिकारी, WCL के निदेशकगण, मुख्य सतर्कता अधिकारी, संचालन समिति के सदस्य सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मिलिंद चहांदे ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन अनुपमा टेमुर्णीकर ने प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment