परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, बिना परमिट संचालित वाहनों से वसूला 50,800 रुपए जुर्माना
राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर चेकिंग अभियान के दौरान पांच वाहनों पर की गई कार्रवाई, कर, शास्ति एवं सम्मन शुल्क की हुई वसूली
राजनगर। सड़क परिवहन नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में परिवहन चेक पोस्ट अनूपपुर प्वाइंट-2 के प्रभारी द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान कई वाहन बिना वैध परमिट के संचालित पाए गए, जिन पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 50 हजार 800 रुपए का जुर्माना वसूला गया।
परिवहन विभाग की कार्रवाई के अंतर्गत कुल 24 हजार 200 रुपए कर, 18 हजार 800 रुपए शास्ति शुल्क एवं 7 हजार 800 रुपए सम्मन शुल्क के रूप में वसूली की गई। इस दौरान जिन वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई उनमें सीजी 16 एक्स 8984, ओडी 19 वी 8944, ओडी 19 वी 8300, ओडी 19 वी 5198 एवं सीजी 10 डब्ल्यू 9551 क्रमांक के वाहन शामिल हैं।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बिना परमिट एवं नियमों का उल्लंघन कर वाहनों के संचालन पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वाहन संचालकों को निर्धारित दस्तावेजों के साथ ही वाहन संचालन करने की सलाह दी गई है।
इस कार्रवाई से बिना वैध दस्तावेजों के वाहन संचालन करने वालों में हड़कंप की स्थिति देखी गई। विभाग का कहना है कि सड़क सुरक्षा एवं राजस्व संरक्षण की दृष्टि से इस प्रकार के जांच अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।





































