लहसुई कैंप में तीन दिन से पेयजल संकट, समाधान के लिए श्रमिक संगठन व प्रबंधन ने संभाला मोर्चा
जमुना-कोतमा। गोविंदा टाउनशिप अंतर्गत लहसुई कैंप कॉलोनी वार्ड क्रमांक 13 में पिछले तीन दिनों से गहराए पेयजल संकट को लेकर श्रमिकों एवं कॉलोनीवासियों की परेशानी बढ़ गई है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोल मजदूर सभा, एटक संगठन, एसईसीएल प्रबंधन, सिविल विभाग तथा नगर पालिका की संयुक्त टीम लगातार प्रयास कर रही है।
कोल मजदूर सभा के क्षेत्रीय अध्यक्ष श्रीकांत शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर उपक्षेत्रीय प्रबंधक, खान प्रबंधक, क्षेत्रीय महामंत्री रमाशंकर तिवारी, एटक के क्षेत्रीय महामंत्री अयाज अली, सिविल विभाग के फोरमैन इंद्र गोपाल, पुरुषोत्तम शर्मा सहित कर्मचारियों के साथ विस्तृत चर्चा कर पूर्व की भांति नियमित जलापूर्ति बहाल करने की कार्ययोजना बनाई।
बताया गया कि एटक संगठन के अयाज अली एवं प्रमोद खंडई बीते तीन दिनों से लगातार स्थल पर मौजूद रहकर कार्यों की निगरानी और सहयोग कर रहे हैं। वहीं नगर पालिका के सहयोग से जेसीबी मशीन लगाकर आवश्यक कार्य कराया जा रहा है। ओवरहेड टैंक को पुनः चालू करने और जल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने के प्रयास भी तेजी से किए जा रहे हैं।
क्षेत्रीय अध्यक्ष श्रीकांत शुक्ला ने कहा कि श्रमिकों और कॉलोनीवासियों की समस्या का जल्द निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने क्षेत्रीय स्तर पर हर संभव सहयोग दिलाने का आश्वासन दिया है।
उन्होंने लहसुई कैंप के निवासियों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पूरी टीम बिना किसी श्रेय की भावना के ईमानदारी से कार्य कर रही है। उम्मीद जताई गई है कि जल्द ही जलापूर्ति व्यवस्था बहाल कर कॉलोनीवासियों को राहत प्रदान की जाएगी।
लहसुई कैंप में उत्पन्न इस समस्या ने एक बार फिर मूलभूत सुविधाओं के बेहतर रखरखाव की आवश्यकता को उजागर किया है, वहीं श्रमिक संगठन एवं प्रशासनिक अमले के संयुक्त प्रयास से समस्या के शीघ्र समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।





































