स्वच्छता से पर्यावरण संरक्षण का संदेश, एनसीएल में “स्वच्छता पखवाड़ा-2026” का हुआ शुभारंभ
सिंगरौली। भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में “स्वच्छता पखवाड़ा-2026” का शुभारंभ किया गया। 16 जून से 30 जून 2026 तक आयोजित होने वाले इस विशेष अभियान के माध्यम से एनसीएल की सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, अपशिष्ट पुनर्चक्रण तथा जन-जागरूकता को बढ़ावा दिया जाएगा।
एनसीएल मुख्यालय में आयोजित उद्घाटन समारोह में निदेशक (तकनीकी) आशुतोष द्विवेदी, मुख्य सतर्कता अधिकारी अजय कुमार जायसवाल तथा जेसीसी से जुड़े विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सीएमएस से अजय कुमार, बीएमएस से श्यामधर दुबे, आरसीएसएस से लाल पुष्पराज सिंह, एचएमएस से अशोक कुमार पांडेय सहित मुख्यालय के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर सभी उपस्थितजनों ने स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने, अपने कार्यस्थल एवं सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने, नियमित श्रमदान करने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने की शपथ ली। साथ ही प्रत्येक सप्ताह दो घंटे स्वेच्छिक श्रमदान करने का संकल्प भी लिया गया।
स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान एनसीएल की सभी परियोजनाओं में स्वच्छता जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, लोकगीत प्रस्तुतियां, चित्रकला, निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं तथा विभिन्न कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं स्थानीय समुदायों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत खदान क्षेत्रों, अस्पतालों, विद्यालय परिसरों एवं जल स्रोतों में विशेष सफाई अभियान चलाए जाएंगे। इसके साथ ही वर्षा जल संरक्षण, जूट बैग वितरण, वृक्षारोपण, पौधा वितरण, डस्टबिन स्थापना तथा प्लास्टिक मुक्त एवं थूक मुक्त क्षेत्र बनाने जैसे प्रयासों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
एनसीएल द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान केवल कार्यालय एवं परियोजना परिसरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें संविदा कर्मियों एवं आसपास के ग्रामीण समुदायों को भी शामिल किया जाएगा। यह पहल स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को साकार करने के साथ-साथ स्वच्छ, हरित और सतत पर्यावरण निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।




































