एक ही छत के नीचे मिली 22 विभागों की सेवाएं, नगर परिषद बनगवां राजनगर के जनकल्याण शिविर में सैकड़ों हितग्राही हुए लाभान्वित
राजनगर। नगर परिषद बनगवां राजनगर द्वारा आयोजित जनकल्याण शिविर में सैकड़ों ग्रामीण एवं शहरी नागरिकों ने पहुंचकर शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। शिविर का उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना एवं आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना रहा।
शिविर में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, श्रम, राजस्व सहित 22 से अधिक विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी प्रदान की। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए गए।
शिविर की विशेष उपलब्धि यह रही कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे, जहां कई आवेदनों एवं शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कर लोगों को तत्काल राहत प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी लखन पनिका ने सीएम हेल्पलाइन से संबंधित लंबित शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निपटारे के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जनप्रतिनिधियों, पार्षदों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में आयोजित जनकल्याण शिविर को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। शिविर के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ ही शासन की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया गया।
नगर परिषद बनगवां राजनगर की यह पहल आम नागरिकों को सरल, सुगम और पारदर्शी प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।




































