ब्रेकिंग न्यूज सीधी से
अमित पांडेय की रिपोर्ट
जिले के रामपुर नैकिन विकासखंड अंतर्गत शिकारगंज-भमरसेन क्षेत्र में सोन नदी में एक दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने गई तीन युवतियां नदी के गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगीं। उन्हें बचाने के लिए एक युवक ने साहस दिखाते हुए नदी में छलांग लगा दी, लेकिन वह भी पानी के तेज बहाव में फंस गया। जानकारी के अनुसार प्रशासन द्वारा दो दिन पूर्व ही देवलोंद बांध से सोन नदी में पानी छोड़े जाने के कारण लोगों को नदी से दूर रहने तथा गहरे एवं तेज बहाव वाले क्षेत्रों में नहीं जाने की सख्त चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद तीन युवतियां नदी में नहाने पहुंच गईं और हादसे का शिकार हो गईं।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवतियों को डूबता देख एक युवक उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद पड़ा, लेकिन नदी की गहराई और तेज धारा के कारण वह भी लापता हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी तट पर एकत्र हो गए। सूत्रों के अनुसार अब तक एक युवती का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि अन्य दो युवतियों एवं उन्हें बचाने गए युवक की तलाश जारी है। पुलिस, प्रशासन और स्थानीय गोताखोरों की टीम लगातार सर्च अभियान चला रही है। बताया जा रहा है कि घटना से संबंधित एक वीडियो भी सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद शिकारगंज, भमरसेन सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदी-नालों और जलाशयों के समीप जाने से बचें तथा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।





































