अधिकारियों ने सुनीं आमजन की समस्याएं, योजनाओं की दी जानकारी
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण तथा शासन की लोक / जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर परिषद अमरकंटक द्वारा पुराने कार्यालय परिसर के समीप लोक / जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया । शिविर में नगर के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं , मांगें एवं सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे ।
नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती पार्वती सिंह उइके ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता है ।
शिविर में महिला एवं बाल विकास , राजस्व , स्वास्थ्य , शिक्षा सहित विभिन्न विभागों द्वारा सूचना एवं सहायता केंद्र स्थापित किए गए ।
विभागीय अधिकारियों ने नागरिकों को शासकीय योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की । स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण कर जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया । लोक कल्याणकारी /
जनकल्याण शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 24 आवेदन प्राप्त हुए जिन्हें आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया । अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी आवेदनों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा ।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि अंबिका प्रसाद तिवारी ने जनकल्याण शिविर को शासन और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बताते हुए इसकी सराहना की । उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से लोगों की समस्याओं का समाधान सरल , पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संभव हो पाता है ।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती पार्वती सिंह उइके , पूर्व प्राधिकरण अध्यक्ष अंबिका प्रसाद तिवारी , मंडल अध्यक्ष रोशन पनारिया , पार्षद दिनेश द्विवेदी (सोनू) , पवन तिवारी (कान्हा) , सुखनंदन सिंह , कल्पना सुरेश , सावित्री परस्ते , नायब तहसीलदार ज्ञानदास पनिका , डॉ. रानू प्रताप सारीवान , सीएमओ चैन सिंह परस्ते (नोडल अधिकारी) , पटवारी अश्वनी कुमार तिवारी , पत्रकारगण तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे । लोक /
जनभागीदारी और विभिन्न विभागों की सक्रिय उपस्थिति से यह शिविर शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा नागरिक समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ ।




































