जिला जनसंपर्क कार्यालय उमरिया
खुशियों की दास्तां
उमरिया 13 जून। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के माध्यम से कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर जिले के ग्राम कौड़िया निवासी प्रमोद बर्मन ने अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाते हुए सफलता की नई राह बनाई है।
प्रमोद बर्मन ने आई-सेक्ट संस्थान, उमरिया से इलेक्ट्रिशियन ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें तकनीकी एवं व्यवहारिक ज्ञान प्रदान किया गया जिससे उनके कौशल में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हुए।
वर्तमान में प्रमोद भोपाल के मंडीदीप स्थित एक प्रतिष्ठित संस्थान में इलेक्ट्रिशियन के पद पर कार्यरत हैं तथा प्रतिमाह लगभग 12 हजार रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं। नियमित रोजगार मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आया है और वे अपने परिवार की आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से पूरा कर पा रहे हैं।
प्रमोद बताते हैं कि प्रशिक्षण प्राप्त करने से पहले उन्हें रोजगार पाने में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत मिले प्रशिक्षण ने न केवल उनके कौशल को निखारा, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ाया और रोजगार के नए अवसरों के द्वार खोले।
प्रमोद की सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि युवाओं को उचित प्रशिक्षण और अवसर उपलब्ध कराए जाएं तो वे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना युवाओं को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
प्रमोद बर्मन ने इस अवसर के लिए भारत सरकार तथा देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया है।
प्रस्तुतकर्ता
अरुणेंद्र सिंह




































