एनसीएल का जनस्वास्थ्य सरोकार: 18 जून को लगेगा नि:शुल्क कैंसर जांच शिविर

---Advertisement---

एनसीएल का जनस्वास्थ्य सरोकार: 18 जून को लगेगा नि:शुल्क कैंसर जांच शिविर

मेदांता अस्पताल लखनऊ के विशेषज्ञ करेंगे स्वास्थ्य परीक्षण, शुरुआती पहचान से कैंसर उपचार को मिलेगा बल

जयंत। उत्तरी कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के नेहरू शताब्दी चिकित्सालय (एनएससी), जयंत द्वारा स्थानीय नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में आगामी 18 जून 2026, गुरुवार को एनएससी परिसर में नि:शुल्क कैंसर जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में क्षेत्र के नागरिकों को कैंसर संबंधी स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।

शिविर के दौरान देश के प्रतिष्ठित मेदांता अस्पताल, लखनऊ से आए चिकित्सा विशेषज्ञ उपस्थित लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे। विशेषज्ञ विभिन्न प्रकार के कैंसर के शुरुआती लक्षणों, जोखिम कारकों एवं स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों के आधार पर जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान करेंगे।

एनसीएल प्रबंधन के अनुसार शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा बीमारी की प्रारंभिक अवस्था में पहचान सुनिश्चित करना है। विशेषज्ञों का मानना है कि कैंसर के शुरुआती लक्षणों की समय रहते पहचान होने पर उपचार की सफलता की संभावना काफी बढ़ जाती है। ऐसे में यह शिविर स्थानीय नागरिकों के लिए लाभकारी साबित होगा।

शिविर में आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोग बड़ी संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। चिकित्सकों द्वारा कैंसर से बचाव, नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित जीवनशैली एवं समय पर उपचार के महत्व पर भी जानकारी दी जाएगी।

गौरतलब है कि एनसीएल का नेहरू शताब्दी चिकित्सालय समय-समय पर जनहित में विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करता रहा है। इन प्रयासों के माध्यम से कंपनी स्थानीय समुदाय को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment