कोरोना संकट में बने गरीबों का सहारा, पवन चीनी ने पेश की मानवता की मिसाल
लॉकडाउन के कठिन दौर में जरूरतमंदों तक पहुंचाया भोजन, आज भी जनसेवा में निभा रहे सक्रिय भूमिका
अनूपपुर। कोरोना महामारी का दौर देश के इतिहास के सबसे चुनौतीपूर्ण समयों में से एक रहा। संक्रमण के भय, लॉकडाउन और आर्थिक संकट के बीच जहां लोग अपने घरों तक सीमित हो गए थे, वहीं नगर परिषद बरगवां-अमलाई के वार्ड क्रमांक-07 के पार्षद पवन कुमार चीनी जरूरतमंदों की मदद के लिए निरंतर मैदान में डटे रहे। उन्होंने मानवता और सामाजिक दायित्व का परिचय देते हुए सैकड़ों जरूरतमंद परिवारों तक भोजन एवं आवश्यक सहायता पहुंचाकर सेवा का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया।
महामारी के दौरान अनेक परिवार रोजी-रोटी के संकट से जूझ रहे थे। ऐसे समय में पवन चीनी ने अपने स्तर पर राहत कार्य शुरू करते हुए गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के लिए सुबह-शाम भोजन की व्यवस्था कराई। इसके साथ ही उन्होंने जरूरतमंद परिवारों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाकर उनकी परेशानियों को कम करने का प्रयास किया। उनके इस सेवा कार्य से अनेक परिवारों को कठिन परिस्थितियों में राहत और संबल मिला।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि जब कोरोना संक्रमण के डर से लोग एक-दूसरे से दूरी बना रहे थे, तब पवन चीनी ने निस्वार्थ भाव से लोगों की सहायता कर एक संवेदनशील जनप्रतिनिधि होने का परिचय दिया। उनके कार्यों ने समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं की नई मिसाल कायम की।
पवन कुमार चीनी का कहना है कि मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। संकट की घड़ी में जरूरतमंदों की सहायता करना प्रत्येक सक्षम व्यक्ति का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाना और उनकी परेशानियों को कम करना ही जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य है। क्षेत्र में उनके सेवा कार्यों की आज भी सराहना की जाती है और वे लगातार सामाजिक गतिविधियों एवं जनसेवा के माध्यम से लोगों के बीच सक्रिय बने हुए हैं।





































