136 तरह की जांच उपलब्ध, निजी केंद्रों पर निर्भरता होगी कम
जल्द चिरमिरी जिला अस्पताल में भी शुरू होगी सुविधा
एमसीबी/मनेन्द्रगढ़। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देते हुए मनेन्द्रगढ़ के 220 बिस्तरीय अस्पताल में संचालित अटल आरोग्य लैब अब आम लोगों के लिये बड़ी राहत साबित हो रही है। शुरुआत के महज 10 दिनों के भीतर यहां 4 हजार से अधिक जांचें पूरी हो चुकी हैं जो इस बात का संकेत है कि क्षेत्र में बेहतर और सुलभ जांच सुविधा की लंबे समय से जरूरत थी।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल और दूरदर्शी सोच से शुरू हुई इस लैब में वर्तमान में 136 प्रकार की जांचें उपलब्ध हैं। इससे मरीजों को अब छोटी-बड़ी जांचों के लिये निजी जांच केंद्रों या दूसरे शहरों की ओर जाने की परेशानी से राहत मिल रही है।
अटल आरोग्य लैब की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां अत्याधुनिक मशीनों, प्रशिक्षित तकनीशियनों और बेहतर प्रबंधन के माध्यम से समय पर जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराई जा रही है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के गरीब, जरूरतमंद और असहाय मरीजों को विशेष लाभ मिल रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह सुविधा स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का और विस्तार किया जायेगा ताकि हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण उपचार और जांच सुविधाएं अपने क्षेत्र में ही मिल सकें। उन्होंने बताया कि मनेन्द्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने के उद्देश्य से जल्द ही जिला अस्पताल चिरमिरी में भी अटल आरोग्य लैब शुरू की जायेगी। इससे अधिक से अधिक लोगों को स्थानीय स्तर पर जांच सुविधा मिल सकेगी।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में अटल आरोग्य लैब की शुरुआत दूसरे चरण में मनेन्द्रगढ़ में की गई थी। इससे पहले कोरिया जिले के बैकुंठपुर जिला अस्पताल में इसकी शुरुआत हुई थी। इसके बाद इस सुविधा का विस्तार अन्य क्षेत्रों में किया जा रहा है।
लैब में लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या यह बताती है कि आम जनता इस सुविधा को तेजी से अपना रही है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे और अस्पताल प्रबंधन से जुड़े डॉ. स्वप्निल तिवारी के नेतृत्व में लैब का संचालन व्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है। अटल आरोग्य लैब से बीमारियों की समय पर पहचान, बेहतर उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच संभव हो रही है। मनेन्द्रगढ़ सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों के लिये यह सुविधा स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई उम्मीद और बदलाव की शुरुआत मानी जा रही है।

































