जनकपुर क्षेत्र में मिला था शव, शिनाख्त के लिये जारी किया गया इश्तिहार
एमसीबी। थाना जनकपुर क्षेत्र में मिले अज्ञात मृतक की पहचान स्थापित करने के लिये पुलिस ने इश्तिहार जारी कर आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। मामले में थाना जनकपुर में अपराध क्रमांक 114/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 06 जून 2026 को ग्राम जनकपुर के समीप मुख्य मार्ग किनारे स्थित नाले के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया था। प्रारंभिक जांच में अज्ञात आरोपियों द्वारा पत्थर और बोतल के शीशे से हमला कर हत्या किये जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।
मृतक की उम्र लगभग 33 वर्ष, कद करीब 5 फीट 4 इंच बताया गया है। मृतक ने नीले रंग की जींस और हल्के नीले रंग की फूल शर्ट पहन रखी थी। उसके दाहिने हाथ की अनामिका उंगली में चांदी की अंगूठी मिली है जो पहचान में सहायक हो सकती है।
पुलिस टीम द्वारा आसपास के क्षेत्रों में मृतक की पहचान के लिये लगातार प्रयास किये जा रहे हैं लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल सकी है। इसके बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय एमसीबी द्वारा इश्तिहार जारी कर आमजन से मृतक के संबंध में कोई भी जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की गई है।
जानकारी देने के लिये पुलिस अधीक्षक एमसीबी मोबाइल नंबर 9479194855, एसडीओपी भरतपुर मोबाइल नंबर 9779193702, थाना जनकपुर मोबाइल नंबर 9479193718 और कंट्रोल रूम मोबाइल नंबर 9479160180 पर संपर्क किया जा सकता है।
पुलिस ने कहा है कि नागरिकों से मिलने वाली छोटी से छोटी जानकारी भी मृतक की पहचान और मामले के जल्द खुलासे में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

































