भालूमाड़ा के प्रशांत कुमार ने रचा इतिहास, फार्मासिस्ट भर्ती परीक्षा में 100 परसेंटाइल के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान
जमुना कोतमा भालूमाड़ा निवासी प्रशांत कुमार (सिक्की)ने मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (एमपीईएसबी) द्वारा आयोजित फार्मासिस्ट ग्रेड-2 भर्ती परीक्षा 2026 में शानदार सफलता हासिल करते हुए प्रदेशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। प्रशांत ने 100 परसेंटाइल अंक अर्जित कर मेरिट सूची में पहला स्थान हासिल किया, जिससे पूरे अनूपपुर जिले और कोतमा क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।
प्रशांत कुमार, एसईसीएल कर्मी प्रभु कुमार SECL में सीनियर क्लर्क ग्रेड स्पेशल हसदेव क्षेत्र में पदस्थ हैं के पुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। परिणाम घोषित होने के बाद उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
प्राप्त मेरिट सूची के अनुसार प्रशांत कुमार का चयन संचालनालय कर्मचारी राज्य बीमा सेवाएं, इंदौर के अंतर्गत फार्मासिस्ट ग्रेड-2 पद के लिए हुआ है। उन्होंने कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच 100 परसेंटाइल प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
प्रशांत की सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए क्षेत्र के लोगों ने कहा कि मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। परिवार ने उनकी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और निरंतर परिश्रम को दिया है। क्षेत्रवासियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे पूरे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है




































