घर और जंगल में फांसी लगाकर युवक व नाबालिग ने दी जान, दो अलग-अलग घटनाओं से क्षेत्र में सनसनी
कोयलांचल समाचार के लिए रिपोर्टर शशिधर अग्रवाल
अनूपपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत दो अलग-अलग स्थानों पर हुई आत्महत्या की घटनाओं ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। एक घटना में 45 वर्षीय युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी, जबकि दूसरी घटना में 16 वर्षीय नाबालिग बालिका का शव जंगल में फांसी के फंदे पर लटका मिला। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत पसला के चरतरिहा टोला निवासी 45 वर्षीय मिठाईलाल उर्फ मिट्ठू पिता कल्लू यादव ने सोमवार दोपहर अज्ञात कारणों से अपने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही सहायक उप निरीक्षक गोविन्द पनिका पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद जिला अस्पताल अनूपपुर में पोस्टमार्टम कराया गया।
वहीं दूसरी घटना ग्राम पंचायत औढेरा के जल्दाटोला क्षेत्र की है, जहां 16 वर्षीय नाबालिग बालिका ने जंगल में तेंदू के पेड़ से रस्सी और दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना मिलने पर पुलिस को अवगत कराया गया, जिसके बाद उप निरीक्षक सरिता लकड़ा एवं सहायक उप निरीक्षक महिपाल प्रजापति पुलिस दल के साथ घटनास्थल पहुंचे।
पुलिस ने पंचनामा एवं आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। परिजनों एवं ग्रामीणों के अनुसार नाबालिग बालिका रविवार दोपहर घर से जंगल की ओर गई थी और देर शाम तक वापस नहीं लौटी। बाद में जंगल में उसका शव फांसी के फंदे पर लटका मिला।
दोनों मामलों में आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। कोतवाली पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है तथा आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।




































