अनूपपुर जिले में 12 से 18 जून की अवधि में आयोजित होगा जन कल्याण शिविर-कलेक्टर 

---Advertisement---

 

जिले में 15 जून तक चलाया जाएगा एनरोलमेंट ड्राइव अभियान-कलेक्टर श्री पंचोली

 

स्थानांतरण नीति के अनुसार प्रशासनिक कार्यों को दृष्टिगत रखते हुए प्रेषित करें प्रस्ताव-कलेक्टर

 

जिले में मखाने की खेती को किया जाए प्रेरित एवं प्रोत्साहित-कलेक्टर

 

कलेक्टर श्री पंचोली ने समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश

 

अनूपपुर 8 जून 2026/ कलेक्टर श्री हर्षल पंचोली ने कहा है कि शासन के निर्देशानुसार जिले में जनहित एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से जनपद पंचायत एवं नगरीय निकाय क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि जिले में 12 से 18 जून की अवधि में जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में विभिन्न शासकीय योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को सुनकर उनके निराकरण की कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिविरों के सफल आयोजन के लिए अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित कर पृथक आदेश जारी किए जाएंगे। सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे जनकल्याण शिविरों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए समन्वित रूप से कार्य करें। कलेक्टर श्री पंचोली आज कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित नर्मदा सभागार में आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देशित कर रहे थे।

 

बैठक में कलेक्टर श्री पंचोली ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले में विद्यार्थियों के शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 15 जून तक विशेष एनरोलमेंट ड्राइव अभियान संचालित किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने निर्धारित क्लस्टरों का नियमित भ्रमण कर अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा विद्यालयों में अधिक से अधिक बच्चों के नामांकन के लिए विशेष प्रयास करें। कलेक्टर ने कहा कि कोई भी पात्र विद्यार्थी शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए मैदानी स्तर पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर श्री पंचोली ने अधिकारियों को शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के मैदानी अमले के साथ लगातार संवाद बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि समय-समय पर शिक्षकों से चर्चा कर नामांकन की प्रगति एवं विद्यार्थियों के प्रवेश के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की जाए तथा आवश्यकता अनुसार आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।

 

कलेक्टर श्री पंचोली ने राज्य शासन की स्थानांतरण नीति के अनुरूप प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्थानांतरण संबंधी प्रस्ताव शीघ्र प्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारी एवं कर्मचारी, जो लंबे समय से एक ही स्थान पर पदस्थ हैं, उनके स्थानांतरण को प्राथमिकता के आधार पर प्रस्तावित किया जाए, ताकि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और कार्यकुशलता बनी रहे। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि स्थानांतरण प्रक्रिया शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं आवश्यकता के अनुरूप ही संपादित की जाए।

 

बैठक में कलेक्टर श्री पंचोली ने उद्यानिकी एवं कृषि विभाग की योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा करते हुए जिले में कृषि के विविधीकरण तथा किसानों की आय वृद्धि के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अनूपपुर जिले में मखाने की खेती को प्रोत्साहित करने एवं बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रेरित किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को इस दिशा में कार्ययोजना तैयार कर किसानों को आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने मत्स्य पालन गतिविधियों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को जिले के किसानों को केज कल्चर के माध्यम से मत्स्य पालन के लिए प्रोत्साहित करने को कहा। साथ ही उन्होंने खनिज एवं मत्स्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि एसईसीएल की बंद खदानों तथा क्रशर इकाईयों में वर्षा जल संचयन से निर्मित जलाशयों का उपयोग मत्स्य पालन के लिए किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को आवश्यकतानुसार भूमि एवं जलक्षेत्र आवंटन की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।

 

बैठक के दौरान कलेक्टर ने जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने वनाधिकार पट्टों के वितरण, जर्जर शासकीय भवनों की स्थिति, शासकीय भूमि पर पौधरोपण, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, जल गंगा संवर्धन अभियान तथा महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए आयोजित मातृत्व शिविरों की प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं एवं अभियानों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

 

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती अर्चना कुमारी, डिप्टी कलेक्टर श्री कमलेश पुरी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कोतमा श्री सतीश वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

August 5, 2026

August 5, 2026

August 5, 2026

August 5, 2026

August 5, 2026

August 5, 2026

Leave a Comment