प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार ने किया वृक्षारोपण, भाजपा पदाधिकारियों से की सीधी चर्चा
जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का दिया भरोसा
अनूपपुर। मध्यप्रदेश शासन के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री तथा अनूपपुर जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार सोमवार को जिले के प्रवास पर रहे। उन्होंने केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे विशेष अभियान “एक पेड़ मां के नाम” के तहत वन चौकी किरर परिसर में पीपल का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश दिया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने का संकल्प है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के पश्चात प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार ने पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता विसाहूलाल सिंह के निवास पहुंचकर उनसे सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने उनका कुशलक्षेम जाना तथा आशीर्वाद प्राप्त किया।
इसके बाद विधायक निवास में भाजपा जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं संगठन के प्रमुख कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी मंत्री ने संगठन से जुड़े पदाधिकारियों से विस्तारपूर्वक संवाद किया तथा जिले के विभिन्न क्षेत्रों की समस्याओं, विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र की सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया और उनके शीघ्र निराकरण की मांग की।
बैठक के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने भी जिले से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों एवं विकास संबंधी आवश्यकताओं से प्रभारी मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने संगठन और जनता की अपेक्षाओं को सामने रखते हुए विभिन्न प्रस्ताव प्रस्तुत किए।
प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार ने सभी सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के समक्ष उठाया जाएगा तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की अमूल्य शक्ति है और उनके सम्मान तथा सुझावों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है।
उन्होंने कहा कि सरकार जनहित, विकास और संगठनात्मक समन्वय के साथ कार्य कर रही है तथा आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जिले के विकास और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए हर संभव पहल की जाएगी।
बैठक में उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने जिले के समग्र विकास, लंबित परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी पहल किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की। कार्यक्रम में भाजपा के जिला एवं मंडल स्तर के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह द्वारा प्रदान की गई।




































