बीज-उर्वरक की गुणवत्ता जांच के लिये एकत्र किये गये नमूने
एमसीबी। खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज और उर्वरक उपलब्ध कराने के लिये कृषि विभाग ने निगरानी अभियान तेज कर दिया है। जिले में बीज और उर्वरक विक्रय केंद्रों का निरीक्षण कर सामग्री के नमूने जांच के लिये एकत्र किये जा रहे हैं।
उप संचालक कृषि जिला मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर (एमसीबी) के मार्गदर्शन में विकासखंड मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में कृषि विभाग की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। विकासखंड स्तरीय निरीक्षक जितेन्द्र झा द्वारा अग्रहरी कृषि सेवा केन्द्र नागपुर, कोरिया कृषि विकास केन्द्र, जायसवाल कृषि सेवा केन्द्र सहित अन्य दुकानों की जांच कर बीज और उर्वरक के नमूने लिये गये। संग्रहित नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिये प्रयोगशाला भेजा गया है। विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि कोई सामग्री अमानक पाई जाती है तो संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध बीज और उर्वरक नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्यवाही की जायेगी।
कृषि विभाग द्वारा विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिये गये हैं कि किसानों को केवल प्रमाणित और मानक गुणवत्ता वाले कृषि आदान सामग्री ही उपलब्ध कराएं तथा सभी आवश्यक दस्तावेजों का संधारण करें।
विभाग ने किसानों से अपील की है कि कृषि सामग्री खरीदते समय बिल जरूर लें और किसी भी तरह की अनियमितता की जानकारी तुरंत कृषि विभाग को दें ताकि किसानों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।





































