बस स्टैंड के सुलभ कॉम्प्लेक्स में मिला नवजात का शव, पहचान न होने पर पुलिस व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने किया अंतिम संस्कार
कोयलांचल समाचार के लिए रिपोर्टर शशिधर अग्रवाल
अनूपपुर, 07 जून। अनूपपुर नगर के बस स्टैंड स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स में मृत अवस्था में मिले अज्ञात नवजात शिशु की पहचान नहीं होने पर रविवार को पुलिस एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में उसका विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया गया। वहीं, पुलिस नवजात को जन्म देने वाली अज्ञात महिला तथा मामले से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम को कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि बस स्टैंड परिसर में स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स के शौचालय में एक नवजात शिशु मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही सहायक उपनिरीक्षक महिपाल प्रजापति पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और नवजात बालक के शव को अपने कब्जे में लेकर जिला चिकित्सालय के शव परीक्षण कक्ष के फ्रीजर में सुरक्षित रखवाया।
पुलिस ने विभिन्न माध्यमों से नवजात की पहचान तथा उसे जन्म देने वाली महिला की तलाश का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद रविवार दोपहर जिला चिकित्सालय में ड्यूटी डॉक्टर डॉ. संजय सिंह द्वारा शव परीक्षण कराया गया।
शव परीक्षण के उपरांत नगरपालिका अनूपपुर के उपयंत्री बृजेश पांडेय एवं स्वच्छता निरीक्षक बृजेश मिश्रा के सहयोग से सोन नदी तट स्थित मुक्तिधाम में नवजात का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान कोतवाली थाना अनूपपुर के आरक्षक अमित यादव, पुलिस सहायता केंद्र जिला चिकित्सालय के आरक्षक आशीष तिवारी तथा सामाजिक कार्यकर्ता शशिधर अग्रवाल, महेश प्रसाद रौतेल और गोपाल प्रसाद राठौर उपस्थित रहे।
अंतिम संस्कार से पूर्व नवजात के शव को कफन से ढंककर फूल एवं अगरबत्ती अर्पित की गई तथा सामाजिक रीति-रिवाजों के अनुसार सम्मानपूर्वक दफनाया गया। उपस्थित लोगों ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मानवता के नाते अंतिम विदाई दी।
पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा नवजात को जन्म देने वाली अज्ञात महिला एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों की पहचान के लिए विभिन्न स्तरों पर खोजबीन जारी है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि इस घटना के संबंध में किसी प्रकार की जानकारी हो तो तत्काल कोतवाली पुलिस को अवगत कराएं, जिससे मामले के वास्तविक तथ्यों का पता लगाया जा सके।




































