पीडीपी प्रशिक्षण में पंचायत प्रतिनिधियों को मिली योजनाबद्ध विकास की जानकारी, ग्राम सभा की भूमिका पर रहा फोकस
एमसीबी। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत जनपद पंचायत भरतपुर के सभा कक्ष में पंचायत विकास योजना (पीडीपी) को लेकर सरपंचों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने भाग लेकर ग्रामीण विकास को प्रभावी और जनभागीदारी आधारित बनाने से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।
प्रशिक्षण के दौरान सहायक विकास विस्तार अधिकारी एवं प्रभारी मास्टर ट्रेनर ऋषि कुमार सिंह ने पंचायत विकास योजना तैयार करने की प्रक्रिया, ग्राम सभा की उपयोगिता, स्थानीय जरूरतों के अनुसार योजनाओं के चयन, विभागीय समन्वय और पीडीपी पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों के विकास की नींव ग्राम सभा से मजबूत होती है। ग्रामीणों की भागीदारी से क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं की पहचान कर योजनाओं को बेहतर तरीके से लागू किया जा सकता है।
कार्यक्रम में सरपंचों को विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करने, शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और पंचायतों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।।प्रशिक्षण के दौरान सरपंचों ने भी अपने अनुभव साझा किये और पंचायत विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की। अधिकारियों ने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए सतत, समावेशी और परिणाममूलक विकास पर जोर दिया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों की क्षमता बढ़ाकर ग्राम स्तर पर बेहतर विकास योजनाओं का निर्माण और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना रहा। इससे ग्राम पंचायतों को स्थानीय जरूरतों के अनुरूप योजनाएं तैयार करने में मदद मिलेगी।






































