संगठन की विचारधारा गांव-गांव तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी : संजय साहू

---Advertisement---

 

संगठन की विचारधारा गांव-गांव तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी : संजय साहू

भाजपा जिला प्रभारी ने मंडलों की मासिक बैठकों में की संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, बूथ सशक्तिकरण पर दिया जोर

अनूपपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रभारी संजय साहू ने शनिवार को जिले के पसान, फुनगा एवं अनूपपुर मंडलों की मासिक बैठकों में शामिल होकर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की तथा कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार एवं जनसंपर्क अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है।

बैठकों को संबोधित करते हुए संजय साहू ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को पार्टी के महापुरुषों के संघर्ष, त्याग और सिद्धांतों का अध्ययन कर समाज के बीच सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर से ही सुनिश्चित होती है, इसलिए प्रत्येक बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में लगातार जनसंपर्क बनाए रखते हुए संगठन को मजबूत करने का कार्य करना चाहिए।

जिला प्रभारी ने बूथ अध्यक्षों और पदाधिकारियों से संवाद कर शक्ति केंद्रों की स्थिति की जानकारी ली तथा संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे विभिन्न जनसंपर्क एवं जनजागरण अभियानों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक माह प्रसारित होने वाले ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनने तथा उसमें व्यक्त विचारों एवं प्रेरणादायक प्रसंगों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की।

उन्होंने मंडल अध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र प्रभारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संवाद बनाए रखें और संगठन के कार्यक्रमों को योजनाबद्ध तरीके से संचालित करें। उन्होंने कहा कि संगठन की सफलता कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समर्पण पर निर्भर करती है, इसलिए सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करें।

बैठक के उपरांत जिला प्रभारी संजय साहू भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेमचंद यादव द्वारा आयोजित तुर्रा धाम के भंडारे में शामिल हुए तथा प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण कर प्रकृति संरक्षण में अपना योगदान देना चाहिए।

बैठकों में पसान नगर पालिका अध्यक्ष रामअवध सिंह, मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, मंडल प्रभारी रश्मि खरे, जिला कार्यालय मंत्री चंद्रिका द्विवेदी, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला अध्यक्ष अमोल सिंह मार्को, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष नरेश मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह, विधायक प्रतिनिधि उदय प्रताप सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष लाल बहादुर जायसवाल, फुनगा मंडल में पूर्व जिला अध्यक्ष रामदास पुरी, मंडल अध्यक्ष मुकेश पटेल, दुर्गावती पटेल तथा अनूपपुर मंडल अध्यक्ष बृजेश चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

July 11, 2026

July 11, 2026

July 10, 2026

July 10, 2026

July 10, 2026

July 10, 2026

Leave a Comment