एमसीबी जिले के 9 में से 8 मंडलों में हुआ वृक्षारोपण
एमसीबी। विश्व पर्यावरण दिवस के पावन अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला एमसीबी के 9 मंडलों में से 8 मंडलों में उत्साह और समर्पण के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कोटाडोल, नागपुर, जनकपुर, कुवांरपुर, केल्हारी, चिरमिरी और मनेन्द्रगढ़ सहित विभिन्न मंडलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रकृति के संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधारोपण किया।
यह केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिये स्वच्छ, हरित और सुरक्षित भविष्य के निर्माण का संकल्प है। जिस प्रकार वृक्ष हमें जीवन, छाया और शुद्ध वायु प्रदान करते हैं उसी प्रकार उनका संरक्षण करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। इसी भावना के साथ भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष अंकित शर्मा ने कहा कि प्रकृति हमारे जीवन का आधार है। आज लगाया गया एक पौधा आने वाले वर्षों में असंख्य लोगों के जीवन का सहारा बनेगा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिले के कार्यकर्ताओं द्वारा दिखाया गया यह उत्साह इस बात का प्रमाण है कि युवा शक्ति केवल राष्ट्र निर्माण ही नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ इन पौधों का संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। हरियाली का यह संकल्प आने वाले समय में जनभागीदारी के माध्यम से एक जनआंदोलन का स्वरूप प्राप्त करेगा। आइए हम सब मिलकर प्रकृति को संवारें, हरियाली को बढ़ाएं और आने वाली पीढ़ियों को एक सुरक्षित और समृद्ध पर्यावरण प्रदान करें।






































