मास्टरमाइंड समेत चार गिरफ्तार, 10 बाइक और ट्रैक्टर बरामद
कोरिया/पटना। कोरिया जिले में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर लंबे समय से सक्रिय गिरोह पर पटना पुलिस ने शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने अंतरजिला वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए गिरोह के सरगना सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिलें और एक महिंद्रा ट्रैक्टर बरामद किया गया है।
वाहन चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने मामले को चुनौती के रूप में लेते हुए जांच शुरू की। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम आरोपी सूर्यकांत राजवाड़े तक पहुंची। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की कई वारदातों का खुलासा करते हुए पूरे नेटवर्क की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार गिरोह सुनियोजित तरीके से वाहन चोरी करता था। आरोपी मास्टर चाबी से मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते और बाद में उनके नंबर प्लेट और अन्य पहचान बदलकर वाहनों को ग्रामीण क्षेत्रों में बेच देते थे। कुछ वाहनों को किराये पर चलाने के लिये भी दिया जाता था। कार्यवाही के दौरान पुलिस ने पवन प्रजापति, गिरजा सूर्यवंशी और जमील अंसारी को भी गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से एचएफ डीलक्स, होंडा शाइन, प्लैटिना, टीवीएस राइडर, यामाहा आर-15 सहित अलग-अलग कंपनियों की बाइक मिली हैं। जांच में एक बड़ी चोरी का खुलासा तब हुआ जब ग्राम कुचला से चोरी हुए महिंद्रा ट्रैक्टर को पुलिस ने सूरजपुर जिले से बरामद किया। आरोपी ने चोरी के बाद ट्रैक्टर को छिपाकर रखा था। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह द्वारा नाबालिगों का इस्तेमाल कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिलाया जाता था। पुलिस अन्य जुड़े लोगों और चोरी के वाहनों की तलाश में जुटी हुई है।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी पटना प्रमोद पाण्डेय और पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिये आगे भी अभियान जारी रहेगा।





































