विश्व पर्यावरण दिवस पर वेकोलि का हरित संकल्प
वृक्षारोपण, शपथ ग्रहण और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
नागपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) मुख्यालय में शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण की शपथ, पोस्टर विमोचन एवं पुरस्कार वितरण जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से हरित और स्वच्छ भविष्य का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में वेकोलि के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ निदेशक (वित्त एवं मानव संसाधन) श्री बिक्रम घोष, निदेशक तकनीकी (संचालन) श्री आनंदजी प्रसाद तथा निदेशक तकनीकी (परियोजना एवं योजना) श्री संदीप परांजपे विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। संचालन समिति के सदस्य श्री एस.एच. बेग एवं श्री एस.आर. गबाले की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ सीएमडी डॉ. हेमंत शरद पांडे द्वारा पर्यावरण ध्वज फहराकर किया गया। इसके पश्चात वंदे मातरम् एवं कोल इंडिया का कॉर्पोरेट गीत प्रस्तुत किया गया। पर्यावरण दिवस के अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में डॉ. हेमंत शरद पांडे ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल संस्थागत दायित्व नहीं बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने वेकोलि द्वारा पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र विस्तार, जैव विविधता संवर्धन एवं सतत खनन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए कर्मचारियों से व्यक्तिगत स्तर पर भी पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक पहलों के साथ-साथ व्यक्तिगत जागरूकता और व्यवहार परिवर्तन से ही पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर कोल इंडिया लिमिटेड के अध्यक्ष श्री बी. साईराम का संदेश महाप्रबंधक (पर्यावरण) श्री जॉन वर्की द्वारा पढ़कर सुनाया गया। संदेश में पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक प्रयासों तथा सतत विकास की दिशा में कोल इंडिया की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वेकोलि द्वारा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित विशेष पोस्टरों का विमोचन भी किया गया। इन पोस्टरों में कंपनी की हरित पहल, वृक्षारोपण अभियान, जल संरक्षण, भूमि पुनर्वास और पर्यावरणीय प्रबंधन से जुड़ी गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रतिभागियों के बीच जूट की थैलियों का वितरण किया गया, जिससे प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का संदेश दिया जा सके।
कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। इस अवसर पर वेकोलि परिवार ने स्वच्छ, हरित और टिकाऊ भविष्य के निर्माण में सक्रिय योगदान देने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।




































