संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली एवं पवित्र नगरी अमरकंटक में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे तीन वारंटियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है । यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पुष्पराजगढ़ के निर्देशन में चलाए जा रहे 10 दिवसीय विशेष अभियान के तहत की गई ।
अमरकंटक थाना प्रभारी निरीक्षक एल.बी. तिवारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना एवं सतत प्रयासों के आधार पर विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया । अभियान में उपनिरीक्षक पी.एस. बघेल , सहायक उपनिरीक्षक पी.आर. धनंजय , प्रधान आरक्षक पूरन सिंह मरावी , तिलक सिंह तथा आरक्षक कृष्णा सिंह राजावत , रवि पटेल , रघुराज सिंह और पवन तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही ।
पुलिस ने प्रकरण क्रमांक 23/22 में धारा 354 , 323 तथा पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत फरार चल रहे धन्नू बैगा (41 वर्ष) निवासी जालेश्वर टोला फर्री सेमर को गिरफ्तार किया । वहीं प्रकरण क्रमांक 156/25 , धारा 125(3) बीएनएसएस के तहत विष्णु सिंह ओट्टी (28 वर्ष) निवासी भीमकुंडी को पकड़ा गया ।
इसके अलावा प्रकरण क्रमांक 482/22 एवं अपराध क्रमांक 461/22 में धारा 304(ए) के मामले में फरार चल रहे रामप्रसाद पड़वार (29 वर्ष) , निवासी स्कूलटोला हरई को भी गिरफ्तार किया गया ।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपियों को विधिवत न्यायालय में पेश किया जा रहा है । अमरकंटक पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और फरार आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है ।



































