आरोहण समर कैंप में निखर रही बच्चों की प्रतिभा

---Advertisement---

आरोहण समर कैंप में निखर रही बच्चों की प्रतिभा

खेल, संगीत और नृत्य के माध्यम से 180 नौनिहाल सीख रहे अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व के गुण

सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के नेहरू शताब्दी चिकित्सालय (एनएससी) में आयोजित ‘आरोहण समर कैंप-2026’ बच्चों के लिए सीखने, खेलने और अपनी प्रतिभा को निखारने का एक सशक्त मंच बनकर उभर रहा है। 21 मई से 10 जून तक चल रहे इस समर कैंप में लगभग 180 बच्चे बैडमिंटन, टेबल टेनिस और म्यूजिकल डांस जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।

कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। सुबह से ही बच्चों में कैंप को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। खेल गतिविधियों के साथ-साथ उन्हें जीवन में सफलता के लिए आवश्यक व्यवहारिक गुणों को भी विकसित करने का अवसर मिल रहा है।

टेबल टेनिस प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे से शुरू होता है, जहां अनुभवी कोच अनिल श्रीवास्तव और दिनेश कुमार वर्मा बच्चों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। दोनों प्रशिक्षक कोल इंडिया की अंतर-कंपनी टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और अपने अनुभव के आधार पर खिलाड़ियों की तकनीकी दक्षता एवं प्रदर्शन सुधारने पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।

वहीं बैडमिंटन प्रशिक्षण की जिम्मेदारी नरेश पाल, पवन श्रीवास्तव और सैफ अली संभाल रहे हैं। दूसरी ओर म्यूजिकल डांस की कक्षाओं में अनीता जगत, अलीशा तिर्के, गीता ध्रुवे और आदित्य तिवारी बच्चों को नृत्य की बारीकियां सिखा रहे हैं। प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चे नई तकनीकें सीखने के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन भी कर रहे हैं।

आयोजकों के अनुसार यह समर कैंप केवल खेल या मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। नियमित अभ्यास से उनकी गति, ताकत, सहनशक्ति और एकाग्रता में वृद्धि हो रही है। कैंप के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है तथा प्रतिदिन अभ्यास के बाद उन्हें पौष्टिक स्नैक्स, जूस और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

अभिभावकों ने भी एनसीएल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे बच्चों को अवकाश के समय का रचनात्मक उपयोग करने और अपनी छिपी प्रतिभाओं को विकसित करने का अवसर मिल रहा है।

उल्लेखनीय है कि एनसीएल वर्ष 2018 से प्रतिवर्ष ‘आरोहण’ समर कैंप का आयोजन कर रहा है। यह कार्यक्रम बच्चों और युवाओं में रचनात्मकता, खेल भावना, व्यक्तित्व विकास और सामाजिक कौशल को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जाता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment