डॉ. हेमंत शरद पांडे को ‘डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन लीडर ऑफ द ईयर’ अवार्ड
वेकोलि की डिजिटल पहलें भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित
वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) के सीएमडी डॉ. हेमंत शरद पांडे को 29 मई, 2026 को नई दिल्ली में गवर्नेंस नाउ द्वारा आयोजित 11वें पीएसयू आईटी फोरम एवं अवार्ड्स समारोह में प्रतिष्ठित “डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन लीडर ऑफ द ईयर” अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान डॉ. हेमंत शरद पांडे को लोकसभा के माननीय सांसद श्री अनुराग ठाकुर के करकमलों से प्रदान किया गया। वेकोलि में डिजिटल परिवर्तन, सुशासन, पारदर्शिता तथा तकनीक आधारित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने में डॉ. पांडे के दूरदर्शी नेतृत्व और उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें इस अवार्ड से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वेकोलि को भी अपनी उत्कृष्ट डिजिटल पहलों के लिए “अवार्ड फॉर एक्सीलेंस” से सम्मानित किया गया। वेकोलि के “स्वस्थ पोर्टल”, आईटी इम्प्लीमेंटेशन श्रेणी में तथा “डीएमएस (डिस्पेंसरी मैनेजमेंट सिस्टम)” आईटी इनोवेशन श्रेणी में सर्वोत्कृष्ट रहे। यह सम्मान वेकोलि द्वारा सूचना प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा कर्मचारी-केंद्रित नवाचारों के सफल क्रियान्वयन की राष्ट्रीय स्तर पर मिली स्वीकृति को दर्शाते हैं।
डॉ. हेमंत शरद पांडे के नेतृत्व में वेकोलि ने डिजिटल गवर्नेंस, पारदर्शिता, कार्यकुशलता और नवाचार को नई दिशा प्रदान की है। उनकी प्रेरणा से विकसित विभिन्न डिजिटल प्रणालियाँ न केवल कर्मचारियों और हितधारकों को बेहतर सेवाएँ प्रदान कर रही हैं, बल्कि संगठन को तकनीक-संचालित उत्कृष्टता की ओर भी अग्रसर कर रही हैं।
पुरस्कार समारोह में वेकोलि की ओर से सीएमडी डॉ. हेमंत शरद पांडे के साथ महाप्रबंधक (प्रणाली) श्री पी. जी. चौधरी, मुख्य चिकित्सा सेवाएँ (सीएमएस) डॉ. शशि शंकर तथा वरिष्ठ प्रबंधक (प्रणाली) श्री नितिन गुप्ता उपस्थित रहे।
यह सम्मान वेकोलि की डिजिटल परिवर्तन यात्रा की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है तथा संगठन के तकनीक-आधारित भविष्य निर्माण के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करता है।





































