आवंटित क्वार्टर पर कब्जे और जर्जर आवास से कर्मचारी परेशान, मरम्मत की मांग तेज

---Advertisement---

 

जमुना कोतमा। एसईसीएल जमुना-कोतमा क्षेत्र अंतर्गत ओसीपी में पदस्थ ओवरमैन भूषण प्रजापति को आवंटित आवास को लेकर गंभीर समस्या सामने आई है। कर्मचारी प्रतिनिधि श्रीकांत शुक्ला ने प्रबंधन को पत्र लिखकर बताया है कि भूषण प्रजापति को पूर्व में सिविल लाइन कोतमा कॉलोनी स्थित बी/11 नंबर क्वार्टर आवंटित किया गया था, लेकिन उक्त आवास पर गेस्ट हाउस के केयरटेकर द्वारा कब्जा कर लिए जाने के कारण वे उसमें निवास नहीं कर सके।

 

पत्र के अनुसार बाद में प्रबंधन एवं सुरक्षा विभाग की जानकारी और सहमति से भूषण प्रजापति को बी/19 नंबर क्वार्टर हैंडओवर किया गया। हालांकि यह आवास भी अत्यंत जर्जर एवं खस्ताहाल स्थिति में है। आवास की पानी की टंकी पूरी तरह लीकेज है, विद्युत वायरिंग क्षतिग्रस्त हो चुकी है तथा कई स्थानों पर फर्श टूट-फूट का शिकार है। भवन की खराब स्थिति के कारण परिवार सहित निवास करना जोखिम भरा बताया जा रहा है।

 

श्रीकांत शुक्ला ने प्रबंधन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा है कि कर्मचारी को सुरक्षित और बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराना कंपनी की जिम्मेदारी है। वर्तमान स्थिति में किसी भी प्रकार की दुर्घटना होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने संबंधित विभागों को तत्काल निर्देश जारी कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराने की मांग की है।

 

बताया गया है कि मकान की वर्तमान स्थिति का वीडियो भी अधिकारियों को उपलब्ध कराया गया है, ताकि आवास की वास्तविक दशा का अवलोकन कर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। कर्मचारी एवं उनके परिजन उम्मीद लगाए बैठे हैं कि प्रबंधन इस गंभीर समस्या को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए आवास की मरम्मत कराएगा और सुरक्षित वातावरण में रहने की सुविधा उपलब्ध कराएगा।

 

स्थानीय कर्मचारियों का भी कहना है कि कॉलोनियों में जर्जर हो चुके आवासों की समय-समय पर मरम्मत एवं रखरखाव कराया जाना आवश्यक है, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। अब सभी की निगाहें प्रबंधन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment