अनूपपुर।
जिले के फुनगा चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत देवरी में जमीन विवाद का मामला अब सीएम हेल्पलाइन तक पहुंच गया है। गांव निवासी शांति प्रजापति ने पड़ोसियों पर बाड़ी की बाउंड्री वॉल तोड़ने, कुएं को नुकसान पहुंचाने तथा गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस चौकी फुनगा में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़िता के अनुसार घटना शाम करीब 3 बजे से रात 7 बजे के बीच की है। शिकायत में बताया गया है कि चंद्रवती, उसका पुत्र शंभू तथा दोनों बहुएं उनकी बाड़ी में घुस आए और वहां बनी ईंट की बाउंड्री वॉल को तोड़ दिया। इस दौरान कुएं को भी नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया है।
शांति प्रजापति का कहना है कि वह उक्त जमीन पर लंबे समय से कब्जे में रहकर निस्तार करती हैं। विरोध करने पर आरोपियों द्वारा अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज तथा झूठे मामलों में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जिसके बाद उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। सीएम हेल्पलाइन शिकायत क्रमांक 38593121 के माध्यम से उन्होंने निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।





































