ईडी की कार्रवाई लोकतंत्र पर हमला, पिनाराई विजयन को बदनाम करने की साजिश: माकपा
अनूपपुर। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के अनूपपुर जिला सचिवमंडल ने केरल के पूर्व मुख्यमंत्री के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा की गई कार्रवाई की कड़ी निंदा की है। सचिवमंडल ने इसे केंद्र सरकार के इशारे पर विपक्षी नेताओं को बदनाम करने और राजनीतिक लाभ हासिल करने का प्रयास बताया है।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में माकपा नेताओं ने कहा कि ईडी जैसी केंद्रीय एजेंसियों का उपयोग विपक्ष के प्रमुख नेताओं के खिलाफ राजनीतिक हथियार के रूप में किया जा रहा है। पार्टी का आरोप है कि यह कार्रवाई एक लक्षित अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य आम जनता के बीच भ्रम और दुष्प्रचार फैलाना है।
सचिवमंडल ने यह भी सवाल उठाया कि क्या केरल में कांग्रेस नेतृत्व वाले यूडीएफ के कुछ नेता भी इस कार्रवाई से जुड़े हैं। पार्टी ने हाल ही में हुई राजनीतिक गतिविधियों और नेताओं की मुलाकातों पर भी संदेह व्यक्त किया।
माकपा नेताओं ने कहा कि पिनाराई विजयन ने लगभग दस वर्षों तक केरल के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया, लेकिन आज भी वे सादगीपूर्ण जीवन जी रहे हैं। ऐसे नेता के विरुद्ध की गई कार्रवाई भाजपा और कांग्रेस की राजनीतिक मानसिकता को दर्शाती है। पार्टी ने स्पष्ट किया कि इस तरह की कार्रवाइयों से न तो पिनाराई विजयन और न ही माकपा डरने वाली है तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।




































