सिंहदेव का अनशन और बैज की भूख हड़ताल खत्म

---Advertisement---

 

पुलिस-प्रशासन ने मानीं मांगें

 

बैज बोले- आखिरकार सत्य की जीत हुई

 

विश्रामपुर। टी.एस. सिंहदेव और दीपक बैज का विश्रामपुर थाने के सामने चल रहा आंदोलन आखिरकार बुधवार को समाप्त हो गया। पुलिस-प्रशासन द्वारा कांग्रेस की प्रमुख मांगों पर सहमति और कार्यवाही के आश्वासन के बाद पूर्व डिप्टी सीएम सिंहदेव का आमरण अनशन तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की क्रमिक भूख हड़ताल खत्म कराई गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों नेताओं को नारियल पानी पिलाकर अनशन तुड़वाया।

सूरजपुर जिले के विश्रामपुर में चल रहे इस आंदोलन ने दो दिनों तक राजनीतिक माहौल को पूरी तरह गर्माए रखा। बुधवार को सूरजपुर एसडीएम शिवानी जायसवाल और एएसपी योगेश देवांगन एक बार फिर धरनास्थल पहुंचे और कांग्रेस नेताओं से लंबी चर्चा की। इस दौरान सरगुजा आईजी दीपक कुमार झा और सूरजपुर एसपी प्रशांत कुमार ठाकुर से भी फोन पर बातचीत कराई गई। अधिकारियों ने कांग्रेस की मांग के अनुरूप संबंधित टीआई के खिलाफ कार्यवाही और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज धाराओं को हटाने का आश्वासन दिया जिसके बाद आंदोलन स्थगित करने पर सहमति बनी।

अनशन समाप्त होने के बाद टीएस सिंहदेव ने सोशल मीडिया पर लिखा कि न्याय की लड़ाई में पहली जीत मिली है और संघर्ष आगे भी जारी रहेगा वहीं दीपक बैज ने कहा कि आखिरकार सत्य और न्याय की जीत हुई तथा कांग्रेस की सभी मांगें मान ली गई हैं।

 

*

भूपेश बघेल ने पुलिस प्रशासन को दी थी चेतावनी

 

मंगलवार को आंदोलन में शामिल होने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनावी सभा से पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ चुनाव प्रभावित करने के उद्देश्य से फर्जी मामला दर्ज किया गया है। भूपेश बघेल ने मंच से कहा था कि “प्रदेश के कांग्रेसी चूड़ी पहनकर नहीं बैठे हैं, थानेदार का नाम हमेशा याद रखा जायेगा। सरकार आती-जाती रहती है, किसी दिन हमारी भी सरकार आयेगी।”

उन्होंने एसपी और आईजी को भी चेतावनी देते हुए कहा था कि मामला उनकी जानकारी में आ चुका है, इसलिए समय रहते सुधार कर लेना चाहिये।

 

क्या है पूरा मामला

 

कांग्रेस के अनुसार भाजपा कार्यकर्ता मित्तल पांडेय और कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के बीच चुनावी माहौल को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली सोनी की शिकायत पर विश्रामपुर थाने में नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई। शिकायत में नरेंद्र जैन पर कटार दिखाकर धमकाने का आरोप लगाया गया हालांकि पुलिस अब तक कथित हथियार बरामद नहीं कर सकी है। इसी कार्यवाही के विरोध में सोमवार से कांग्रेस ने आंदोलन शुरू किया। मंगलवार को टीएस सिंहदेव आमरण अनशन पर बैठ गये जबकि दीपक बैज भूख हड़ताल पर रहे।

 

दूसरे पक्ष पर भी दर्ज हुई एफआईआर

 

कांग्रेस की मांगों में दूसरे पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग भी शामिल थी। मंगलवार देर शाम विश्रामपुर पुलिस ने नरेंद्र जैन की पत्नी मधु जैन की शिकायत पर दूसरे पक्ष के दो आरोपियों के खिलाफ धारा 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर लिया।

 

रातभर डटे रहे कांग्रेस नेता

 

धरनास्थल पर दिनभर पूर्व विधायक गुलाब कमरो, पूर्व विधायक पारस राजवाड़े और पूर्व मंत्री प्रेमसाय सिंह मौजूद रहे वहीं रात में एआईसीसी सदस्य आदितेश्वर सिंहदेव, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शशि सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता धरनास्थल पर डटे रहे। बुधवार सुबह स्वास्थ्य विभाग की टीम ने टीएस सिंहदेव का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया था।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment