भाजपा ने देश को परमाणु शक्ति के साथ नई राजनीतिक दिशा दी : शिव प्रकाश

---Advertisement---

भाजपा ने देश को परमाणु शक्ति के साथ नई राजनीतिक दिशा दी : शिव प्रकाश

अमरकंटक में भाजपा जिला प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
अनूपपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश ने कहा कि भाजपा ने केवल संगठन विस्तार ही नहीं किया, बल्कि भारत माता को परमाणु शक्ति संपन्न बनाने के साथ देश की राजनीति की दिशा और दृष्टि भी बदलने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया के सामने मजबूती के साथ खड़ा है और यह वर्षों के वैचारिक संघर्ष तथा राष्ट्रवादी सोच का परिणाम है।
वे 27 मई 2026 को पवित्र नगरी अमरकंटक में आयोजित भाजपा जिला प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद हिमाद्री सिंह ने की।
राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिव प्रकाश ने कहा कि आजादी के बाद देश को किस दिशा में आगे बढ़ाया जाए, इसे लेकर वैचारिक संघर्ष हुआ। एकात्म मानववाद की अवधारणा को लेकर जनसंघ का उदय हुआ और बाद में भारतीय जनता पार्टी के रूप में संगठन ने राष्ट्र निर्माण का कार्य आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि देश विभाजन के समय हिंदू समाज को भारी पीड़ा झेलनी पड़ी, लेकिन उनकी आवाज उठाने वाला कोई नहीं था।
उन्होंने कहा कि भाजपा और जनसंघ का देश की सुरक्षा को लेकर हमेशा स्पष्ट दृष्टिकोण रहा है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने कश्मीर में एक देश में दो विधान, दो निशान का विरोध करते हुए आंदोलन किया और आज भाजपा सरकार ने धारा 370 हटाकर यह साबित कर दिया कि देश की सुरक्षा और अखंडता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
शिव प्रकाश ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की नीतियों के कारण तिब्बत चीन के कब्जे में चला गया, जिसका खतरा भारत आज भी महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनसंघ और भाजपा ने समय-समय पर कांग्रेस की नीतियों का विरोध करते हुए राष्ट्रहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारत को हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है। रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, महिलाओं के सम्मान और भागीदारी को बढ़ाने के लिए नारी शक्ति वंदन जैसे कदम उठाए गए हैं। साथ ही जनजातीय समाज के गौरव, स्वदेशी अभियान, राष्ट्रभाषा हिंदी के सम्मान और गरीब कल्याण की योजनाओं पर व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश की राजनीति की कार्यशैली भी बदली है। आज सत्ता को लोककल्याण का माध्यम बनाया गया है और देश की विदेश नीति में भी आत्मविश्वास दिखाई देता है। भारत अब दुनिया के सामने मजबूती से अपनी बात रखने वाला राष्ट्र बन चुका है। उपरोक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेश सिंह द्वारा दी गई।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 10, 2026

Leave a Comment