ईद-उल-अजहा को लेकर भालूमाड़ा में शांति समिति की बैठक संपन्न

---Advertisement---

ईद-उल-अजहा को लेकर भालूमाड़ा में शांति समिति की बैठक संपन्न

अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, प्रशासन ने शांति और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील

जमुना-कोतमा/अनूपपुर। आगामी ईद-उल-अजहा पर्व को क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को थाना भालूमाड़ा परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय ने की। इस अवसर पर तहसीलदार अनूपपुर एम.डी. पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका प्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों एवं बड़ी संख्या में मुस्लिम एवं हिंदू समाज के नागरिकों ने सहभागिता की। बैठक में विशेष रूप से उमेश मिश्रा, महीप द्विवेदी, उदय सिंह (मामा), लाल बहादुर जायसवाल, अजय द्विवेदी, सचिन जायसवाल, राजू गुप्ता एवं नंदकुमार मिश्रा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं मीडिया प्रतिनिधियों में संतोष चौरसिया, सुरेश शर्मा, गुलाब रजक, दिवाकर विश्वकर्मा, दिनेश केवट, मोहम्मद मोइन खान सहित अन्य पत्रकार भी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान आगामी ईद पर्व के आयोजन को लेकर विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उपस्थित लोगों से सुझाव आमंत्रित किए गए। सभी समुदायों के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में क्षेत्र में भाईचारा, सामाजिक समरसता एवं आपसी सहयोग बनाए रखते हुए पर्व मनाने का संकल्प लिया।

थाना प्रभारी उमेश उपाध्याय ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि ईद के अवसर पर पूरे क्षेत्र में चार स्थानों पर नमाज अदा की जाएगी। इसके लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। नगर पालिका को पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं, वहीं बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। साथ ही आवारा पशुओं की रोकथाम और सार्वजनिक स्थलों पर व्यवस्था बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता यह है कि त्योहार पूरी शांति, सौहार्द और सामाजिक समन्वय के साथ संपन्न हो तथा किसी भी नागरिक को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अमला लगातार निगरानी बनाए रखेगा।

बैठक में सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। थाना प्रभारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया अथवा किसी अन्य माध्यम से गलत सूचना, अफवाह या भ्रामक सामग्री प्रसारित कर क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करेगा, तो उसके विरुद्ध दंडात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में उपस्थित नागरिकों एवं पत्रकारों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया तथा आमजन से अपील की कि किसी भी अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें।

अंत में प्रशासन ने सभी नागरिकों से ईद-उल-अजहा का पर्व प्रेम, भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और पारस्परिक सम्मान के साथ मनाने की अपील की।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 10, 2026

Leave a Comment