कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत देवीजी सागर तालाब में श्रमदान कर दिया जनभागीदारी का संदेश

---Advertisement---

 

जल स्रोतों को सहेजना हम सभी का सामूहिक दायित्व, इसे जन-आंदोलन बनाना जरूरी: कलेक्टर श्री मीना

 

ब्यूरो रिपोर्ट शैलेंद्र जोशी

 

धार मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले के पारंपरिक जल स्रोतों, कुओं, बावड़ियों, नदियों और तालाबों के पुनरुद्धार तथा संरक्षण के लिए चलाए जा रहे विशेष “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत नगर पालिका परिषद, धार द्वारा ‘श्रमदान – लोगों की जनभागीदारी’ और ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के विशेष बैनरों के साथ जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने शनिवार प्रातः स्वयं देवीजी सागर तालाब पहुँचकर फावड़ा थामकर श्रमदान किया। उन्होंने तालाब परिसर की सफाई और गहरीकरण कार्य में श्रम अर्पित करते हुए जिले वासियों को जल संरक्षण में सक्रिय जनभागीदारी निभाने का संदेश दिया।

 

जल स्रोतों का संरक्षण केवल शासकीय कार्य नहीं, बल्कि सामाजिक कर्तव्य:

 

कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने कहा कि जल ही जीवन का मुख्य आधार है और गिरते भू-जल स्तर को सुधारने के लिए पारंपरिक जल संरचनाओं को पुनर्जीवित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “जल गंगा संवर्धन अभियान” की सफलता तभी सुनिश्चित होगी जब समाज का हर वर्ग इससे जुड़ेगा। यह केवल एक प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ी के भविष्य को सुरक्षित करने का एक सामूहिक अनुष्ठान है। उन्होंने जिले के सभी नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की कि वे अपने आस-पास के जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और उनके संवर्धन में अपना बहुमूल्य योगदान दें।

 

जनप्रतिनिधियों और आमजन में दिखा भारी उत्साह:

 

कलेक्टर श्री मीना की इस मुहिम से प्रेरित होकर कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा युवाओं ने बड़ी संख्या में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी उपस्थित जनों ने उत्साहपूर्वक तालाब के कैचमेंट एरिया की सफाई की, प्लास्टिक कचरा हटाया और मिट्टी उत्खनन के कार्य में हाथ बंटाकर श्रमदान किया। जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन के इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सामूहिक प्रयासों से जल संकट से निपटने में बड़ी मदद मिलेगी।

 

अभियान के तहत जिले भर में गतिविधियां जारी:

 

उल्लेखनीय है कि जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत धार जिले के विभिन्न विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में भी जल संरचनाओं के जीर्णोद्धार का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। इसके तहत प्राचीन बावड़ियों की सफाई, तालाबों का गहरीकरण, और वर्षा जल संचयन (वाटर हार्वेस्टिंग) प्रणालियों को दुरुस्त करने का कार्य जन सहयोग से किया जा रहा है।

 

अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति:

 

इस वृहद श्रमदान कार्यक्रम के अवसर पर मुख्य नगरपालिका अधिकारी कुंवर विश्वनाथसिंह, नगर पालिका स्टाफ, जनप्रतिनिधि सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment