भीषण गर्मी में झंकार महिला मंडल बना राहत का सहारा
शीतल पेयजल कूलर सेवा शुरू, जरूरतमंदों को वितरित किए छाता, ओआरएस, गन्ने का रस एवं दैनिक उपयोग की सामग्री

नागपुर। भीषण गर्मी के बीच सामाजिक सरोकार और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए झंकार महिला मंडल, नागपुर द्वारा बुधवार 20 मई 2026 को डब्ल्यूसीएल इंदोरा कॉम्प्लेक्स परिसर में सार्वजनिक शीतल पेयजल कूलर सेवा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ झंकार महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती रीना पांडे के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर मंडल की उपाध्यक्षा श्रीमती श्रुति परांजपे एवं श्रीमती सोनाली म्हेत्रे सहित मंडल की अनेक सदस्याएँ उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में श्रीमती वीना नायर, श्रीमती निधि सिंह, श्रीमती पुष्पा पांडे, श्रीमती ज्योति रेवतकर एवं श्रीमती रश्मि सिन्हा सहित अन्य सदस्याओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। गर्मी से राहत दिलाने के उद्देश्य से लगाए गए इस सार्वजनिक शीतल पेयजल कूलर का लाभ अब क्षेत्र के आम नागरिकों, मजदूरों, राहगीरों एवं जरूरतमंद लोगों को निरंतर मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान लगभग 100 महिलाओं, पुरुषों, बालिकाओं एवं वृद्धजनों को राहत सामग्री वितरित की गई। मंडल द्वारा छाता, गमछा, मिट्टी की पानी की बोतल, ओआरएस पैकेट जैसी उपयोगी सामग्री प्रदान की गई, ताकि भीषण गर्मी के दौरान लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाया जा सके। इसके साथ ही चना-गुड़, फल, गन्ने का रस एवं आम का जूस वितरित कर लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई गई।
लाभान्वित लोगों ने झंकार महिला मंडल की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए मंडल की अध्यक्ष एवं सदस्याओं के प्रति आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों ने कहा कि वर्तमान समय में जब गर्मी लगातार बढ़ रही है, ऐसे में इस प्रकार की जनहितकारी पहल समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक है।
झंकार महिला मंडल लंबे समय से सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। मंडल द्वारा महिलाओं, बच्चों, दिव्यांग विद्यार्थियों एवं समाज के वंचित वर्गों के लिए वर्षभर विभिन्न कल्याणकारी गतिविधियाँ संचालित की जाती हैं। मंडल का उद्देश्य केवल सहायता प्रदान करना ही नहीं, बल्कि समाज में संवेदनशीलता, सहयोग एवं मानवीय मूल्यों को मजबूत करना भी है।
मंडल द्वारा सक्षम बच्चों के लिए संगीत बैंड का गठन एवं प्रशिक्षण, बालिका छात्रावासों में वाटर प्यूरिफायर की व्यवस्था, दिव्यांग छात्र-छात्राओं के छात्रावास हेतु प्रिंटर एवं स्कैनर उपलब्ध कराना, छात्राओं को यूनिफॉर्म, भोजन, पुस्तकें एवं लेखन सामग्री वितरित करने जैसे अनेक सराहनीय कार्य निरंतर किए जा रहे हैं।
झंकार महिला मंडल की यह पहल न केवल सामाजिक सेवा का उदाहरण है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि संगठित प्रयासों से समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को बड़ी राहत पहुंचाई जा सकती है। स्थानीय नागरिकों ने मंडल के कार्यों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित के कार्य जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की है।



































