ऑपरेशन “प्रहार 2.0” में कमर्जी पुलिस की बड़ी सफलता, नशीले कफ सिरप तस्करी गिरोह का पर्दाफाश,

---Advertisement---

ब्रेकिंग न्यूज सीधी से

 

अमित पांडेय की रिपोर्ट

सीधी। रीवा जोन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार 2.0” के तहत थाना कमर्जी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विंध्य क्षेत्र में सक्रिय नशीले कफ सिरप तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में अवैध कफ सिरप एवं परिवहन में प्रयुक्त वाहन सहित कुल 11 लाख 88 हजार 918 रुपये का मशरूका जप्त किया गया। पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत उप पुलिस महानिरीक्षक हेमंत चौहान के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के नेतृत्व में यह प्रभावी कार्यवाही की गई। पुलिस के अनुसार 18 मई को थाना कमर्जी पुलिस ग्राम बरिगवां क्षेत्र में अपराध एवं अवैध मादक पदार्थों की पतासाजी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद बोलेरो वाहन में भारी मात्रा में अवैध नशीला कफ सिरप सीधी की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने अमल्लकपुर-कोलघाट मार्ग पर घेराबंदी कर जांच शुरू की। घेराबंदी के दौरान कोलघाट रोड स्थित पहाड़ी क्षेत्र में संदिग्ध बोलेरो वाहन लावारिस हालत में मिला। पंचगणों एवं वीडियोग्राफी की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर पांच बोरियों में रखे कार्टूनों से 912 शीशी Onerex Cough Syrup बरामद किया गया। प्रत्येक शीशी 100 एमएल की थी, जिसमें प्रतिबंधित Codeine Phosphate पाया गया। बरामद कफ सिरप की कीमत लगभग 1 लाख 83 हजार 768 रुपये आंकी गई है, जबकि परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो वाहन की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।वाहन से आरोपी प्रीतम पटेल उर्फ सनी निवासी चिलरी खुर्द थाना कमर्जी से जुड़े दस्तावेज, बैंक कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस एवं नगदी भी बरामद की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी प्रीतम पटेल एवं अनिल पटेल उर्फ डीजे वाला, रीवा क्षेत्र से अवैध मादक पदार्थ लाकर विंध्य क्षेत्र में सप्लाई करते थे। पुलिस को टनल मोहनिया के सीसीटीवी फुटेज से भी आरोपियों की गतिविधियों के महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। पुलिस दबिश की भनक लगते ही आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है तथा तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है। मामले में आरोपियों के विरुद्ध थाना कमर्जी में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं एवं ड्रग्स कंट्रोल एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कमर्जी उप निरीक्षक इन्द्राज सिंह सहित पुलिस टीम के आरक्षक एवं स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके कार्य की वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment