शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पुलिस की सख्ती
हाइवे पुलिस चौकी नागपुर की लगातार कार्रवाई, तीन मामलों में न्यायालय ने लगाया 17-17 हजार रुपये का जुर्माना

मनेन्द्रगढ़/नागपुर। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिये पुलिस विभाग द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज एवं पुलिस अधीक्षक एमसीबी के निर्देश पर हाइवे पुलिस चौकी नागपुर द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग एवं मुख्य मार्गों पर सघन वाहन जांच अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में हाइवे पुलिस चौकी नागपुर प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक द्वारा लगातार सड़क पर निगरानी रखी जा रही है। अभियान के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने, तेज रफ्तार एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन संचालन करने वाले चालकों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया। न्यायालय ने मामलों को गंभीरता से लेते हुए सभी आरोपियों पर 17-17 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी आनंद सिंह पिता धरमपाल सिंह उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम हस्तिनापुर जिला एमसीबी, बाबूलाल सिंह पिता मोहन सिंह उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम पिपरिया जिला एमसीबी तथा आशीष कुमार पिता श्यामलाल उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम सिरौली जिला एमसीबी के विरुद्ध शराब पीकर वाहन चलाने के मामले दर्ज किये गये थे। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किये जाने के बाद न्यायालय द्वारा सख्त रुख अपनाते हुए आर्थिक दंड लगाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलेभर में नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वालों, बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों एवं आवश्यक दस्तावेजों के बिना वाहन संचालन करने वालों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
हाइवे पुलिस चौकी नागपुर प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक शेषनारायण सिंह ने वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। निर्धारित गति सीमा में वाहन चलायें तथा शराब के नशे में वाहन चलाने से पूरी तरह बचें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है, जिससे न केवल चालक बल्कि अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर जिले में चलाया जा रहा विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाती रहेगी। अधिकारियों ने नागरिकों से सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिये सहयोग करने और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की है।





































