बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने एमसीबी प्रशासन का बड़ा अभियान

---Advertisement---

बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने एमसीबी प्रशासन का बड़ा अभियान

पूरक और अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिये सुबह 7 बजे से विशेष कक्षाएं शुरू, कलेक्टर संतन देवी जांगड़े की पहल से शिक्षा व्यवस्था में नई ऊर्जा

एमसीबी। जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में बोर्ड परीक्षा परिणामों में सुधार लाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने व्यापक शैक्षणिक अभियान की शुरुआत की है। नवपदस्थ कलेक्टर की पहल पर जिले के पूरक एवं अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिये विशेष अध्ययन कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। शिक्षा के स्तर को सुधारने और आगामी परीक्षाओं में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान जिलेभर के शासकीय विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू किया गया है।

जिले के सभी शासकीय हाईस्कूल, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय एवं एकलव्य आवासीय विद्यालयों में 18 मई से सुबह 7 बजे से 11 बजे तक अतिरिक्त अध्ययन सत्र प्रारंभ कर दिये गये हैं। इन विशेष कक्षाओं में विद्यार्थियों को विषयवार मार्गदर्शन दिया जा रहा है ताकि वे पूरक परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सकें और पढ़ाई से जुड़ी कमजोरियों को दूर किया जा सके।

जानकारी के अनुसार बोर्ड परीक्षा 2026 में जिले के कुल 4860 विद्यार्थियों में से 4722 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए थे, जिनमें केवल 2764 विद्यार्थी ही उत्तीर्ण हो सके। जिले का कुल परीक्षा परिणाम 58.12 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं 575 विद्यार्थियों को पूरक परीक्षा हेतु चिन्हित किया गया है जबकि 1536 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण रहे। कमजोर परिणामों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिये।

इसी क्रम में जिले के 84 हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यार्थियों के कमजोर शैक्षणिक स्तर को सुधारने, पूरक परीक्षा में अधिक सफलता सुनिश्चित करने तथा नियमित अध्यापन व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिये कि प्रत्येक विद्यालय में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाये और शिक्षकों की जवाबदेही तय की जाये।

विशेष अध्ययन कक्षाओं में स्वयं प्राचार्य एवं विषय विशेषज्ञ शिक्षक विद्यार्थियों को पढ़ा रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी लगातार विद्यालयों का निरीक्षण कर अध्ययन व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान कई विद्यालयों में प्राचार्य स्वयं कक्षा लेकर विद्यार्थियों को पढ़ाते हुए दिखाई दिये, जिससे विद्यार्थियों और शिक्षकों में सकारात्मक संदेश गया है।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनेन्द्रगढ़ में जिला शिक्षा अधिकारी ने सुबह 6:30 बजे निरीक्षण किया, जहां विज्ञान संकाय की छात्राएं नियमित अध्ययन करती मिलीं। विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती अलका ज्योति स्वयं उपस्थित रहकर शिक्षण व्यवस्था संभालती दिखाई दीं। वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बुंदेली में प्राचार्य श्री कैवर्त कॉमर्स विषय का अध्यापन कराते पाये गये।

इसके अतिरिक्त बेलबहरा, बरबसपुर, कोथारी, खड़गवां, बरदर, फुनगा, जरौंधा, जनकपुर, भरतपुर, देवगढ़, माड़ीसरई, कोटाडोल एवं डोमहरा सहित अनेक विद्यालयों का निरीक्षण किया गया, जहां विद्यार्थियों की उपस्थिति संतोषजनक पाई गई और नियमित अध्ययन कार्य संचालित होता मिला।

जिला प्रशासन का कहना है कि विद्यार्थियों को दोबारा सफलता दिलाने, पूरक परीक्षा में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने तथा आने वाले वर्षों में जिले का बोर्ड परीक्षा परिणाम सुधारने के उद्देश्य से यह विशेष शैक्षणिक अभियान निरंतर जारी रहेगा। शिक्षा विभाग को भी निर्देश दिये गये हैं कि विद्यार्थियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ अभिभावकों से समन्वय बनाकर नियमित अध्ययन का वातावरण तैयार किया जाये।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 10, 2026

Leave a Comment