रामनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 225 किलो गांजा सहित कार चालक गिरफ्तार

---Advertisement---

रामनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 225 किलो गांजा सहित कार चालक गिरफ्तार

नई खरीदी गई किआ सोनेट से हो रही थी तस्करी, पुलिस ने वाहन, मोबाइल समेत लाखों की सामग्री की जप्त

अनूपपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रामनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 225.740 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की नई किआ सोनेट कार, दो मोबाइल फोन सहित लाखों रुपये की सामग्री जप्त की है। बरामद गांजे की कीमत नारकोटिक विंग इंदौर के परिपत्र अनुसार लगभग 1 करोड़ 12 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17 मई 2026 को थाना रामनगर को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक सफेद रंग की किआ सोनेट कार क्रमांक MP19C0003T में भारी मात्रा में अवैध गांजा लोड कर छत्तीसगढ़ के मरवाही क्षेत्र से शहडोल की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रामनगर सुमित कौशिक के नेतृत्व में टीम गठित कर ग्राम फुलवारीटोला मार्ग पर नाकाबंदी की गई।

कुछ समय बाद मुखबिर के बताए अनुसार संदिग्ध वाहन मौके पर पहुंचा। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक घबराकर कार को सड़क से नीचे उतार दिया, जिससे वाहन पेड़ से टकरा गया। दुर्घटना का फायदा उठाकर वाहन में सवार एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि चालक को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान सुमित मिश्रा उर्फ बेटू पिता स्व. राजेश मिश्रा उम्र 23 वर्ष निवासी शांतिनगर तुलसी कॉलेज के पास थाना कोतवाली अनूपपुर के रूप में हुई।

पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली, जिसमें कई पैकेटों में भरा कुल 225.740 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 11 लाख 28 हजार 700 रुपये आंकी गई है। वहीं तस्करी में प्रयुक्त किआ सोनेट वाहन की कीमत लगभग 10 लाख रुपये तथा जब्त मोबाइल फोन की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना रामनगर में अपराध क्रमांक 126/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि गांजा तस्करी में प्रयुक्त किआ सोनेट कार महज 18 दिन पूर्व यानी 29 अप्रैल को ही खरीदी गई थी। पुलिस अब फरार आरोपी, वाहन मालिक तथा गांजा तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुमित कौशिक के नेतृत्व में एएसआई विनोद नाहर, एएसआई संतोष पट्टा, एएसआई उमेश तिवारी, प्रधान आरक्षक सनत द्विवेदी, प्रधान आरक्षक अमित पटेल, प्रधान आरक्षक राहुल प्रजापति, आरक्षक अनुराग भार्गव, आरक्षक मूरत सिंह एवं आरक्षक मदगेन्द्र पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 10, 2026

Leave a Comment