
पूर्व अर्धसैनिक अधिकारी अश्वनी वर्मा बने प्राचार्य
अनुशासन और संस्कारयुक्त शिक्षा को देंगे नई दिशा
मनेन्द्रगढ़। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल मनेन्द्रगढ़ में अनुभवी शिक्षाविद् और पूर्व अर्धसैनिक अधिकारी अश्वनी वर्मा ने प्राचार्य पद का दायित्व संभाल लिया है। उनके आगमन के साथ ही विद्यालय परिसर में उत्साह, अनुशासन और नई कार्यशैली की सकारात्मक झलक देखने को मिल रही है। विद्यालय परिवार ने गर्मजोशी से स्वागत करते हुए इसे संस्था के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उच्च शैक्षणिक योग्यता और प्रशासनिक अनुभव से समृद्ध अश्वनी वर्मा ने अंग्रेज़ी विषय में एम.ए., एम.एड. और यूजीसी-नेट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाएँ उत्तीर्ण की हैं। शिक्षा क्षेत्र में लगभग 12 वर्षों तक विभिन्न संस्थानों में प्राचार्य के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और संस्थागत अनुशासन को नई पहचान दिलाई है।
राष्ट्रसेवा से जुड़ा उनका लंबा अनुभव भी उन्हें विशिष्ट बनाता है। वर्ष 2002 से 2013 तक उन्होंने अर्धसैनिक बल और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन विभाग, गृह मंत्रालय भारत सरकार के अंतर्गत महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफल निर्वहन किया। यही कारण है कि उनके व्यक्तित्व में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और संवेदनशीलता का प्रभाव स्पष्ट दिखाई देता है।
विद्यालय प्रबंधन समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रप्रेम जैसे गुणों के विकास का भी केंद्र बनेगा।
संस्था की निदेशिका पूनम सिंह ने कहा की अश्वनी वर्मा का अनुभव विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा और विद्यालय नई उपलब्धियों की ओर अग्रसर होगा।
पदभार ग्रहण करने के बाद अपने संबोधन में अश्वनी वर्मा ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा देने का माध्यम नहीं बल्कि संस्कार, व्यक्तित्व निर्माण और सामाजिक जिम्मेदारी सिखाने का केंद्र होता है। उन्होंने शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के सामूहिक सहयोग को विद्यालय की सफलता का मूल आधार बताया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षकगण और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं।




































