प्रेम संबंध बना दोहरी हत्या की वजह, बिजुरी पुलिस ने 6 घंटे में सुलझाया ब्लाइंड मर्डर केस

---Advertisement---

प्रेम संबंध बना दोहरी हत्या की वजह, बिजुरी पुलिस ने 6 घंटे में सुलझाया ब्लाइंड मर्डर केस

कुल्हाड़ी से युवक और महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार; वारदात के बाद खून के निशान मिटाने की भी कोशिश

अनूपपुर जिले के बिजुरी थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज अंधी दोहरी हत्या की गुत्थी पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी कोतमा आरती शाक्य के मार्गदर्शन में बिजुरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनील सिंह मार्को उर्फ नानकुनू निवासी अमनचौक भालूमाड़ा को अभिरक्षा में लिया।

जानकारी के अनुसार 15 मई की सुबह डायल-112 को सूचना मिली कि भालुगुडार बिजुरी में एक व्यक्ति की हत्या हो गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो सुरेन्द्र सोनी (35) और लल्ली बाई गोंड (48) के शव बरामद हुए। दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले। मामले को गंभीरता से लेते हुए एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की सहायता से जांच शुरू की गई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतिका लल्ली बाई और सुरेन्द्र सोनी के बीच प्रेम संबंध थे, जिससे वह नाराज रहता था। घटना वाली रात सुरेन्द्र, लल्ली बाई से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला कर पहले सुरेन्द्र की हत्या की और फिर घटना की चश्मदीद लल्ली बाई को भी मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने खून के निशान मिटाने के लिए परछी को गोबर से लीप दिया और शव को कमरे में रख दिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और घटना के समय पहने कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी दहेज मृत्यु का मामला दर्ज रहा है और वह जेल जा चुका है।

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी विकास सिंह के नेतृत्व में कमलेश तिवारी, उदय प्रजापति, प्रदीप अग्निहोत्री, प्रभाकर पटेल, विपिन बिहारी राय, बसंत कोल, सतीष मिश्रा, लक्ष्मण डांगी, विश्वजीत मिश्रा, रवि सिंह, प्रभाकर त्रिपाठी, अभिषेक शर्मा, करमजीत सिंह, मनोज उपाध्याय और संगम तोमर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment