सूरजपुर। डीएवी पब्लिक स्कूल विश्रामपुर की मेधावी छात्रा मान्यता जायसवाल ने सीबीएसई कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2025-26 में 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
मान्यता की सफलता ने यह साबित कर दिया कि कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उनका स्वागत कर बधाई दी। मान्यता के पिता मुकेश कुमार जायसवाल और माता नम्रता जायसवाल ने बेटी की इस सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि मान्यता ने हमेशा अपनी पढ़ाई को प्राथमिकता दी और पूरे समर्पण के साथ तैयारी की। उन्होंने बताया कि बेटी की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का ही यह परिणाम है।
विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि मान्यता पढ़ाई में शुरू से ही प्रतिभाशाली रही हैं। वह नियमित अध्ययन के साथ अनुशासन और समय प्रबंधन का विशेष ध्यान रखती थीं। शिक्षकों ने कहा कि उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिये प्रेरणादायक है और यह उपलब्धि विद्यालय के लिये गर्व का विषय है।
मान्यता जायसवाल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और विद्यालय के सकारात्मक माहौल को दिया। उन्होंने कहा कि कठिन मेहनत और निरंतर अभ्यास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
उनकी इस शानदार उपलब्धि पर परिवारजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।





































