केल्हारी वन विभाग कार्यालय का कांग्रेस ने किया घेराव

---Advertisement---

 

भालू पीड़ितों को मुआवजा, तेंदूपत्ता भुगतान और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर एक दिवसीय धरना

 

मनेन्द्रगढ़। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनेन्द्रगढ़ (ग्रामीण) के नेतृत्व में गुरुवार को केल्हारी स्थित वन परिक्षेत्र कार्यालय का घेराव कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान तेंदूपत्ता संग्रहकर्ताओं के लंबित भुगतान, भालू हमले के पीड़ितों को उचित मुआवजा नहीं मिलने तथा वन विभाग में कथित भ्रष्टाचार को लेकर जमकर नारेबाजी की गई। बाद में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर विभिन्न मांगें रखी गईं।

धरने को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी एमसीबी के अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि महुआ वृक्षारोपण और ट्री गार्ड निर्माण के नाम पर बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार किया गया है। उन्होंने कहा कि भालू हमले में घायल ग्रामीणों को शासन द्वारा तय सहायता राशि नहीं मिल रही है और पीड़ित परिवारों के साथ अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तेंदूपत्ता संग्राहकों का भुगतान जल्द नहीं किया गया तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण मनेन्द्रगढ़ के अध्यक्ष रामनरेश पटेल ने कहा कि वन विभाग ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के बजाय भ्रष्टाचार में व्यस्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि भालू प्रभावित परिवारों को राहत देने में विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहा है।

पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गरीबों और ग्रामीणों की आवाज को लगातार दबाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वन विभाग गरीब ग्रामीणों की झोपड़ियां तोड़ने की कार्यवाही कर रहा है जबकि उन्हीं लोगों को मूलभूत सुविधाएं और अधिकार देने में विफल साबित हो रहा है। उन्होंने तेंदूपत्ता भुगतान तत्काल जारी करने और भालू पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की साथ ही चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर कांग्रेस इससे बड़ा आंदोलन करेगी।

धरना प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी, महिला जिला अध्यक्ष ग्रामीण निर्मला चतुर्वेदी, जिला महामंत्री रफीक मेमन, ओमप्रकाश गुप्ता, आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमोल सिंह, जिला प्रवक्ता भावेश जैन, मजदूर कांग्रेस जिला अध्यक्ष मकसूद आलम, महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष नीलिमा शामल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

July 11, 2026

Leave a Comment