सीसीएल को मिला राष्ट्रीय गौरव
‘ग्रीनटेक CSR इंडिया प्लेटिनम अवार्ड’ से सम्मानित, 9 गांवों के विकास मॉडल ने जीता देश का दिल
नई दिल्ली/हजारीबाग। केंद्रीय कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) को उत्कृष्ट कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) कार्यों के लिए प्रतिष्ठित “ग्रीनटेक CSR इंडिया प्लेटिनम अवार्ड” से सम्मानित किया गया है। यह राष्ट्रीय सम्मान हजारीबाग कोयला खनन क्षेत्र में संचालित समग्र सामुदायिक विकास परियोजना (Integrated Community Development Project) के लिए प्रदान किया गया, जिसने आसपास के 9 गांवों के लगभग 5000 परिवारों के जीवन में सकारात्मक और स्थायी बदलाव लाने का कार्य किया है।
नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में सीसीएल की ओर से महाप्रबंधक (CSR) श्री सिद्धार्थ शंकर लाल के नेतृत्व में टीम ने यह पुरस्कार प्राप्त किया। यह उपलब्धि ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, सतत आजीविका एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सीसीएल के उल्लेखनीय योगदान की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मानी जा रही है।
सीसीएल द्वारा संचालित इस परियोजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने हेतु बहुआयामी पहल की गई। गांवों में तालाब निर्माण एवं पुनर्जीवन, वाटरशेड विकास, जैविक खेती को बढ़ावा, पशुधन विकास, सूक्ष्म उद्यमों की स्थापना तथा सौर ऊर्जा आधारित पेयजल और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाओं का विस्तार किया गया।
परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। महिला स्वयं सहायता समूहों को स्वरोजगार एवं आजीविका आधारित गतिविधियों से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाया गया। इसके परिणामस्वरूप ग्रामीण परिवारों की औसत आय में वृद्धि हुई और रोजगार के स्थानीय अवसर बढ़ने से पलायन में भी उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई।
सीसीएल की यह पहल केवल आधारभूत सुविधाओं तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने ग्रामीण समाज में आत्मनिर्भरता, सामाजिक सहभागिता और पर्यावरणीय संतुलन की भावना को भी मजबूत किया। जल संरक्षण और जैविक कृषि के प्रयासों से किसानों की उत्पादन क्षमता एवं आमदनी में सकारात्मक सुधार देखने को मिला है।
सीसीएल लगातार शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण एवं ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में जनहितकारी योजनाएं संचालित कर रही है। कंपनी का मानना है कि वास्तविक विकास तभी संभव है जब उद्योग और समाज एक साथ आगे बढ़ें।
“ग्रीनटेक CSR इंडिया प्लेटिनम अवार्ड” सीसीएल के जनकेंद्रित दृष्टिकोण और सतत विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का प्रमाण माना जा रहा है। कंपनी ने भविष्य में भी खनन क्षेत्रों के आसपास रहने वाले समुदायों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही है।




































