इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर नाबालिग को बिहार ले गया युवक, सीधी पुलिस ने सारण से सकुशल बरामद कर आरोपी को किया गिरफ्तार

---Advertisement---

इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर नाबालिग को बिहार ले गया युवक, सीधी पुलिस ने सारण से सकुशल बरामद कर आरोपी को किया गिरफ्तार

साइबर सेल की मदद से जमोड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, काउंसलिंग के बाद बालिका परिजनों को सौंपी गई

सीधी। सोशल मीडिया के माध्यम से नाबालिगों को अपने जाल में फंसाने के मामलों के बीच सीधी जिले की जमोड़ी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर नाबालिग बालिका को बिहार ले जाने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से बिहार के सारण जिले में दबिश देकर बालिका को सकुशल बरामद किया और आरोपी को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस मुख्यालय द्वारा गुमशुदा बच्चों की बरामदगी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार थाना जमोड़ी क्षेत्र में अप्रैल 2026 के दौरान एक नाबालिग बालिका के अचानक लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपहरण का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बालिका की इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवक से पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी युवक ने बहला-फुसलाकर नाबालिग को अपने साथ बिहार ले गया। पुलिस ने साइबर सेल की सहायता से मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए, जिसके आधार पर बालिका की लोकेशन बिहार के सारण जिले में मिली।

इसके बाद थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने तत्परता दिखाते हुए बिहार पहुंचकर संभावित ठिकानों पर दबिश दी और आरोपी के कब्जे से नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी युवक को मौके से गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई प्रारंभ की।

सीधी लाए जाने के बाद बालिका की विधिवत काउंसलिंग कराई गई तथा आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद उसे सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के साथ वर्षा यादव, आर.डी. साकेत, अभिषेक, सविता, प्रदीप मिश्रा एवं कृष्ण मुरारी द्विवेदी की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल एक नाबालिग बालिका सुरक्षित अपने परिवार तक पहुंच सकी, बल्कि सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों के प्रति अभिभावकों को भी सतर्क रहने का संदेश मिला है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment