अनूपपुर 8 मई 2026/ भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा देश की प्राचीन हस्तलिखित विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से ‘ज्ञान भारतम मिशन’ प्रारंभ किया गया है। इस महत्वाकांक्षी अभियान के अंतर्गत ऐतिहासिक, पौराणिक एवं वैज्ञानिक महत्व की प्राचीन पांडुलिपियों का सर्वेक्षण, दस्तावेजीकरण तथा डिजिटलीकरण किया जाएगा। जिले में मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद द्वारा स्थानीय नागरिकों एवं संस्थाओं से सहयोग की अपील की गई है।
संचालनालय पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय, भोपाल के निर्देशानुसार जिले में एक जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है। समिति द्वारा निजी शोध संस्थानों, महाविद्यालयों, प्राचीन ग्रंथालयों, मंदिरों, मठों, आश्रमों तथा निजी ट्रस्टों में संरक्षित हस्तलिखित पांडुलिपियों का सर्वेक्षण किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत विशेष रूप से 75 वर्ष अथवा उससे अधिक पुरानी पांडुलिपियों की जानकारी संकलित की जाएगी।
संग्रहित जानकारी को ‘ज्ञान भारतम ऐप’ के माध्यम से डिजिटल स्वरूप में अपलोड किया जाएगा, जिससे जिले की अमूल्य सांस्कृतिक एवं बौद्धिक धरोहर सुरक्षित रह सकेगी। यह पहल भारतीय ज्ञान परंपरा को संरक्षित करने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जिले के समस्त नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि यदि उनके पास अथवा उनके संज्ञान में किसी संस्था के पास प्राचीन हस्तलिखित पांडुलिपियां उपलब्ध हों, तो उनकी जानकारी साझा कर इस राष्ट्रव्यापी अभियान में सहभागिता सुनिश्चित करें। यह पांडुलिपियां हमारे पूर्वजों के ज्ञान, शोध एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण की अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण समय की आवश्यकता है।
इच्छुक व्यक्ति अथवा संस्थाएं 25 मई 2026 तक जिला स्तरीय समिति के नोडल अधिकारी के मोबाइल नंबर 7000389451 पर जानकारी उपलब्ध करा सकते हैं। प्राप्त जानकारी के आधार पर सर्वेक्षण एवं डिजिटलीकरण की आगामी कार्यवाही पूर्ण की जाएगी।





































