मजदूर दिवस पर कुसमुण्डा में सजी ‘एक शाम, मजदूरों के नाम’ एसईकेएमसी (इंटक) ने श्रमिकों को समर्पित सांस्कृतिक संध्या में किया सम्मान, संगीत और सम्मान से गूंजा आदर्शनगर सामुदायिक भवन

---Advertisement---

मजदूर दिवस पर कुसमुण्डा में सजी ‘एक शाम, मजदूरों के नाम’
एसईकेएमसी (इंटक) ने श्रमिकों को समर्पित सांस्कृतिक संध्या में किया सम्मान, संगीत और सम्मान से गूंजा आदर्शनगर सामुदायिक भवन

कुसमुण्डा, 01 मई 2026। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर साउथ ईस्टर्न कोयला मजदूर कांग्रेस (इंटक) एसईसीएल कुसमुण्डा क्षेत्र द्वारा आदर्शनगर सामुदायिक भवन, कुसमुण्डा में श्रमिकों को समर्पित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम “एक शाम, मजदूरों के नाम” का आयोजन किया गया। श्रमिकों के सम्मान, उनके संघर्ष, समर्पण और योगदान को समर्पित इस विशेष आयोजन ने मजदूर दिवस को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में श्रमिकों, उनके परिवारों, वरिष्ठ नागरिकों, मातृशक्ति तथा जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ आदर्शनगर के वरिष्ठ नागरिकों एवं मातृशक्ति द्वारा मजदूर के प्रतीक चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्पमाला अर्पित कर किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ ही श्रम, संघर्ष और सम्मान की भावना से सराबोर इस कार्यक्रम का विधिवत आगाज़ हुआ। आयोजन स्थल पर श्रमिक सम्मान और मजदूर एकता का संदेश देने वाला आत्मीय वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम के प्रारंभ में एसईकेएमसी (इंटक) कुसमुण्डा क्षेत्र के अध्यक्ष बी.एल. महंत (राजवीर), महामंत्री राजू लाल सोनी एवं कार्यकारी अध्यक्ष सुरजीत सिंह (हैप्पी) ने अपने संबोधन में अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने 01 मई के ऐतिहासिक महत्व, मजदूर आंदोलन के संघर्ष, श्रमिक अधिकारों की यात्रा और आज के दौर में मजदूर एकता की आवश्यकता पर उपस्थित कामगारों एवं आमजन को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मजदूर दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि श्रमिकों के अधिकार, सम्मान और एकजुटता का प्रतीक है।

इस अवसर पर एसईकेएमसी (इंटक) यूनियन द्वारा अप्रैल 2026 में कंपनी से सेवा-निवृत्त हुए कर्मचारियों का साल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। श्रमिकों के लंबे सेवाकाल, समर्पण और कंपनी के प्रति उनके योगदान को मंच से सम्मानपूर्वक नमन किया गया। इस सम्मान समारोह ने कार्यक्रम को भावनात्मक गरिमा प्रदान की।

सांस्कृतिक प्रस्तुति कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही। कोरबा से पधारे प्रसिद्ध गायक एवं कुसमुण्डा में लिपिक पद पर पदस्थ महावीर पटेल ने मजदूर दिवस पर विशेष गीत प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। उनके श्रमिक चेतना और श्रम-सम्मान से ओतप्रोत गीतों ने कार्यक्रम में नई ऊर्जा का संचार किया। वहीं कुसमुण्डा में डम्पर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत अब्दुल गफ्फार ने सैक्सोफोन एवं बांसुरी वादन (इंस्ट्रूमेंटल म्यूजिक) की मनमोहक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में सांगीतिक रंग भर दिए। उनकी प्रस्तुति ने पूरे सभागार को मंत्रमुग्ध कर दिया और देर तक तालियों की गूंज सुनाई देती रही।

कार्यक्रम में उपस्थित कामगार साथियों ने अपने परिवार सहित शामिल होकर आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उपस्थित श्रमिकों ने कहा कि “एक शाम, मजदूरों के नाम” जैसा कार्यक्रम कुसमुण्डा में पहली बार आयोजित किया गया, जो अत्यंत सराहनीय पहल है। कामगारों ने कहा कि श्रमिकों के लिए ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होने चाहिए, ताकि वे परिवार सहित एक मंच पर एकत्र होकर श्रमिक जीवन, संघर्ष और योगदान को याद कर सकें तथा अपने नाम समर्पित ऐसी शाम का आत्मीय अनुभव कर सकें।

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में कोरबा से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश परसाई, पार्षद नवीन कुकरेजा एवं कांग्रेस मंडल अध्यक्ष धनंजय दीवान मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि श्रमिक समाज की रीढ़ हैं और उनके सम्मान में इस प्रकार के आयोजन श्रम संस्कृति को मजबूत करते हैं।

इस गरिमामय आयोजन को सफल बनाने में इंटक कुसमुण्डा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम की सफलता में नवल किशोर सिंह, नरेश प्रसाद साहू, निर्मल कुमार चंद्रा, उवैश अहमद, मंतोष कुमार, विनय कुमार स्वर्णकार, महेन्द्र पाल यादव, सियाराम साहू, सुनील साहू, शैलेन्द्र सिंह, भूपेंद्र कुमार मेहर, शंकर सिंह, हरि महाकुण्ड, सूरज सागर, ललित, अश्वनी साहू, अखिलेश साहू सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों का उल्लेखनीय योगदान रहा।

मजदूर दिवस पर आयोजित “एक शाम, मजदूरों के नाम” केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि श्रमिक सम्मान, एकता, संवेदना और सामाजिक आत्मीयता का जीवंत उत्सव बनकर सामने आया। इस आयोजन ने न केवल मजदूर दिवस की सार्थकता को रेखांकित किया, बल्कि श्रमिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने की एक सशक्त मिसाल भी प्रस्तुत की।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

May 3, 2026

May 3, 2026

May 2, 2026

May 2, 2026

May 2, 2026

May 2, 2026

Leave a Comment