51 हजार महिलाओं की कलश यात्रा बनेगी आकर्षण का केंद्र
एमसीबी जिले के चिरमिरी में आगामी 17 मई से पूज्य स्वामी रामभद्राचार्य जी की भव्य श्रीराम कथा का आयोजन होने जा रहा है। इस दिव्य धार्मिक आयोजन को लेकर कृतिका कुंज हल्दीबाड़ी चिरमिरी में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई जिसमें आयोजन समिति के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बैठक में कथा आयोजन की व्यापक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था, पार्किंग, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई और मीडिया कवरेज सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
आयोजन की भव्यता को और बढ़ाने के लिये 17 मई को विशाल कलश यात्रा निकाली जायेगी। आयोजन समिति के अनुसार इस यात्रा में लगभग 51 हजार महिलाएं भाग लेंगी जो इस आयोजन का मुख्य आकर्षण होगी। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए यात्रा में शामिल महिलाओं के पैरों को धूप से बचाने के लिये विशेष व्यवस्थाएं करने पर भी चर्चा की गई साथ ही यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिये विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां तय की गईं।
बैठक में श्याम बिहारी जायसवाल (प्रदेश स्वास्थ्य मंत्री), चंपा देवी पावले (भाजपा जिलाध्यक्ष) संरक्षक के रूप में शामिल हुए वहीं महापौर राम नरेश राय की भी उपस्थिति रही। बैठक में 200 से अधिक लोगों ने भाग लिया।
अपने संबोधन में श्याम बिहारी जायसवाल ने स्पष्ट किया कि यह आयोजन किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं बल्कि जन-आस्था, श्रद्धा और सहभागिता से जुड़ा धार्मिक आयोजन है। उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा का यह आयोजन केवल चिरमिरी या एमसीबी जिले तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि पूरे संभाग और प्रदेश स्तर पर विशेष पहचान बनायेगा। उन्होंने आयोजन समिति से इसे ऐतिहासिक और अनुकरणीय बनाने का आह्वान किया। आयोजन समिति ने भी भव्य, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक आयोजन का संकल्प लेते हुए जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर श्रीराम कथा का लाभ लेने की अपील की है।
















































