कोतमा में युवक का शव फांसी पर लटका मिला, वार्ड 6 में सनसनी

---Advertisement---

कोतमा में युवक का शव फांसी पर लटका मिला, वार्ड 6 में सनसनी

रीवा निवासी 27 वर्षीय युवक किराये के कमरे में मृत मिला, पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

कोतमा।
नगर के वार्ड क्रमांक 6 स्थित बसंत तिवारी के बाड़े में बुधवार सुबह एक युवक का शव फांसी पर लटका मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतमा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान 27 वर्षीय आशीष सिंह पिता अशोक सिंह, निवासी रीवा जिले के एक गांव के रूप में हुई है, जो पिछले लगभग एक माह से कोतमा में रहकर सोलर पैनल इंस्टॉलेशन का कार्य कर रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आशीष सिंह नगर के वार्ड 6 में बसंत तिवारी के बाड़े में किराये के कमरे में रह रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार वह मेहनती और शांत स्वभाव का युवक था तथा पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में सोलर पैनल लगाने का कार्य कर रहा था। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात लगभग 12 बजे उसने खाना खाया था। बुधवार सुबह भी उसकी फोन पर किसी से बातचीत होने की जानकारी सामने आई है, जिसके बाद किसी को अनहोनी की आशंका नहीं थी।

घटना का खुलासा बुधवार सुबह लगभग 10:30 बजे हुआ, जब आकाश तिवारी उसे कमरे में बुलाने पहुंचा। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो संदेह गहराया। लगभग आधे घंटे तक दरवाजा नहीं खुलने पर आकाश तिवारी ने कमरे की पिछली खिड़की से झांककर देखा। अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। युवक का शव कमरे के भीतर लोहे की पाइप से फंदे पर लटका हुआ था।

घटना की सूचना तत्काल कोतमा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों तथा मकान मालिक की उपस्थिति में खिड़की तोड़कर कमरे का दरवाजा खुलवाया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है या नहीं, इस संबंध में पुलिस ने अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। मृतक के मोबाइल फोन और हालिया कॉल डिटेल भी जांच के दायरे में ली जा रही है, ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।

कोतमा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

अचानक हुई इस घटना से वार्ड 6 सहित पूरे क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोग युवक की अचानक मौत से स्तब्ध हैं और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की हर बिंदु पर गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment