डीजीटी का निःशुल्क सीटीएस कोर्स युवाओं के लिए सुनहरा अवसर, प्रशिक्षण के साथ मिलेगा ₹15,400 मासिक मानदेय
इंडस्ट्रियल फ़िटर और ऑटोमोटिव वेल्ड टेक्निशियन ट्रेड में प्रवेश शुरू, 10वीं-12वीं पास युवाओं के लिए रोजगारोन्मुखी पहल
अनूपपुर/अमरकंटक। युवाओं को तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार से जोड़ने की दिशा में भारत सरकार के डीजीटी (डायरेक्टरेट जनरल ऑफ ट्रेनिंग) मंत्रालय द्वारा संचालित सीटीएस (Craftsmen Training Scheme) कोर्स युवाओं के लिए सुनहरा अवसर बनकर सामने आया है। यह पाठ्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क संचालित किया जा रहा है, जिसमें प्रशिक्षण के साथ-साथ छात्रों को प्रथम माह से ही ₹15,400 मासिक मानदेय भी प्रदान किया जाएगा।
इस रोजगारपरक तकनीकी पाठ्यक्रम के अंतर्गत दो प्रमुख ट्रेड—इंडस्ट्रियल फ़िटर ट्रेड एवं ऑटोमोटिव वेल्ड टेक्निशियन—में प्रवेश प्रारंभ कर दिए गए हैं। दोनों पाठ्यक्रमों की अवधि 2 वर्ष निर्धारित की गई है। इस कोर्स के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष एवं अधिकतम 23 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं शैक्षिक योग्यता के रूप में किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं अथवा 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
यह प्रशिक्षण भारत सरकार के डीजीटी मंत्रालय के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है, जिसमें विद्यार्थियों को उद्योग आधारित तकनीकी दक्षता प्रदान की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग का अवसर भी मिलेगा। यह प्रशिक्षण हरियाणा के गुरुग्राम स्थित प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाई QH Talbros Ltd., मानेसर में कराया जाएगा, जहां विद्यार्थियों को वास्तविक औद्योगिक वातावरण में कार्य सीखने और अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को भारत सरकार के डीजीटी मंत्रालय द्वारा संबंधित ट्रेड में NCVET मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा, जो राष्ट्रीय स्तर पर मान्य होगा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराएगा।
कोर्स की विशेषताओं की बात करें तो यह पूर्णतः निःशुल्क है। विद्यार्थियों को प्रथम माह से ₹15,400 मासिक मानदेय दिया जाएगा। शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले विद्यार्थियों को ₹1,000 मासिक अटेंडेंस रिवॉर्ड अतिरिक्त मिलेगा। इसके साथ ही निःशुल्क पाठ्यक्रम सामग्री, यूनिफॉर्म, स्वास्थ्य बीमा और कैंटीन सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
विशेष रूप से 2 वर्षीय कोर्स सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को 6 माह का ASDC द्वारा संचालित विशेष प्रमाणपत्र कोर्स कराया जाएगा। साथ ही संबंधित ट्रेड में 1 वर्ष की अप्रेंटिसशिप का अवसर भी दिया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों को सीधे रोजगार के लिए तैयार किया जा सके।
प्रशिक्षण एवं प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी संधान ट्रस्ट से संपर्क कर सकते हैं। संपर्क सूत्र के रूप में डॉ. राकेश रंजन शुक्ला (9111494004), योगेश पाण्डेय (9424961722) एवं द्विज त्रिपाठी (7999598013) से जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन लिंक भी जारी किया गया है।
तकनीकी शिक्षा, निःशुल्क प्रशिक्षण और प्रशिक्षण के साथ मानदेय की यह पहल क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रकार के उद्योग आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।














































