एमसीबी। मनेन्द्रगढ़ में आयोजित जीवनदीप समिति की बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर और मरीजों के अनुकूल बनाने पर गंभीर मंथन हुआ। एसडीएम एवं समिति अध्यक्ष लिंगराज सिदार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिये कई अहम निर्णय लिये गये।
बैठक में सबसे ज्यादा जोर अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को मजबूत करने पर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि स्वच्छता बनाये रखने के लिये नियमित मॉनिटरिंग के साथ ठोस कार्ययोजना लागू की जाये ताकि मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। इसके साथ ही दवा उपलब्धता को लेकर भी सख्त रुख अपनाया गया। समिति ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में आवश्यक दवाइयों की कमी नहीं होनी चाहिये और इसके लिये भंडारण और वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाया जाये। अस्पताल परिसर में अव्यवस्थित वाहनों से होने वाली परेशानी को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने का भी निर्णय लिया गया। संबंधित विभाग को निर्देश दिये गये की जल्द से जल्द उपयुक्त स्थान चिन्हित कर पार्किंग की सुविधा विकसित की जाये जिससे परिसर में यातायात सुचारू बना रहे।
बैठक में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर भी चर्चा हुई जिसमें सीटी स्कैन जैसी महत्वपूर्ण सुविधा शुरू करने पर विशेष जोर दिया गया। इस दिशा में आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण कर सेवा प्रारंभ करने के निर्देश दिये गये।
समिति ने यह भी तय किया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जायेगी ताकि सुधार की प्रक्रिया निरंतर जारी रहे। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिये गये।
बैठक में समिति सदस्य रामधुन जायसवाल, रिशु अग्रवाल, संजीव सिंह, श्रीमती गीता पासी, जयंतीलाल यादव सहित अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अस्पताल स्टाफ मौजूद रहे। प्रशासन ने भरोसा जताया कि इन निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन से क्षेत्रीय अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा आमजन को बेहतर उपचार सुविधाएं मिलेंगी।


















































